
हिसार। टोक्यो ओलिंपिक में महिला हॉकी टीम की सदस्या रही हिसार निवासी शर्मिला का उनके गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा है कि टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर हरियाणा के खिलाडिय़ों ने पूरी दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार द्वारा लागू की गई नई खेल नीति के परिणामस्वरूप प्रदेश के खिलाडिय़ों ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक पदक प्राप्त किए हैं।
गांव कैमरी में भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी शर्मिला गोदारा के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने हॉकी खिलाड़ी शर्मिला गोदारा की ढाणी तक का रास्ता पेवर ब्लॉक से पक्का करवाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में खेल की गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा देने के लिए भी उन्होंने जल्द ही सकारात्मक पहल करने की बात की। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि सभी ग्रामीण स्टेडियम में खेल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा, साथ ही खेल नर्सरियों की संख्या भी बढ़ाई जायेगी।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि महिला हॉकी टीम में प्रदेश की 9 खिलाड़ी हैं। सरकार द्वारा इन सभी 9 खिलाडिय़ों को 50-50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जायेगी। राज्य की खेल नीति में ओलम्पिक खेलों में चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाडिय़ों के लिए अभी तक कोई प्रावधान नहीं था, लेकिन हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ओलंपिक में अब चौथे स्थान पर रहने वाले प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी को 50-50 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल नीति में ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 4 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2.5 करोड़ रुपये की राशि देने का प्रावधान किया गया है।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि देश की मात्र 2 प्रतिशत जनसंख्या होने के बावजूद ओलम्पिक खेलों में भाग लेने वाले देश के खिलाडिय़ों में लगभग 25 प्रतिशत भागीदारी प्रदेश के खिलाडिय़ों की है। इस अवसर पर शर्मिला गोदारा के परिजन, कोच प्रवीना सिहाग व गांव के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।