खेल

डब्ल्यूसीएल के तीसरे सीजन में बांग्लादेश चैंपियंस की होगी एंट्री

नई दिल्ली
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) ने तीसरे सीजन के लिए बांग्लादेश चैंपियंस को टूर्नामेंट में जोड़ने की घोषणा की है। डब्ल्यूसीएल के पहले दो सीजन कमाल के रहे हैं और कई दिग्गज खिलाड़ी इस लीग में खेलते हुए नजर आए हैं।

डब्ल्यूसीएल में क्रिकेट इतिहास के कुछ सबसे बड़े नाम पहले ही टूर्नामेंट में शामिल हो चुके हैं, जिनमें युवराज सिंह, एबी डिविलियर्स, ब्रेट ली, मोईन अली, मोहम्मद हफीज, क्रिस गेल और कई और दिग्गज शामिल हैं। बांग्लादेश चैंपियंस के जुड़ने के साथ ही डब्ल्यूसीएल 2026 में ज्यादा रोमांचक मुकाबले और यादगार पल देखने को मिलेंगे। डब्ल्यूसीएल को दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा देखी जाने वाली क्रिकेट लीग माना जाता है। इस लीग ने पुराने और दिग्गज खिलाड़ियों को एक साथ लाकर “लेजेंड्स क्रिकेट” को एक नई पहचान दी है।

डब्ल्यूसीएल लीग की लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ी है। इस लीग के पहले सीजन को दुनिया भर में 325 मिलियन से ज्यादा दर्शकों ने देखा था, जबकि दूसरे सीजन में टूर्नामेंट की व्यूअरशिप 423.1 मिलियन रही थी। इससे यह साफ है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स को दुनिया भर में बहुत पसंद किया जा रहा है।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स के फाउंडर और सीईओ हर्षित तोमर ने कहा, “पिछले दो सालों में हमने लगातार एक ही सवाल सुना है — डब्ल्यूसीएल में बांग्लादेश चैंपियंस टीम क्यों नहीं है। इस साल हम फैंस को एक खास तोहफा देते हुए बांग्लादेश चैंपियंस को लीग में शामिल करने जा हे हैं और फैंस की इस मांग को पूरा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है।”

बांग्लादेश चैंपियंस का प्रतिनिधित्व करने वाले जेसीयूके स्पोर्ट्स लिमिटेड के डायरेक्टर यूनुस हसन ने कहा, “वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में बांग्लादेश चैंपियंस का शामिल होना पूरे बांग्लादेश और दुनिया भर में फैले क्रिकेट फैंस के लिए एक गर्व और ऐतिहासिक पल है। यूके में रहने वाले एक नॉन-रेसिडेंट बांग्लादेशी के तौर पर यह पहल मेरे दिल के बहुत करीब है—यह दो क्रिकेट पसंद करने वाले देशों और उनके ग्लोबल फैन बेस के बीच पुल को मजबूत करने का एक मौका देगा।” बांग्लादेश चैंपियंस के जुड़ने से अब WCL में सात देशों की टीमें होंगी। इससे यह सीजन अब तक का सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी और विविधताओं से भरा होने की उम्मीद है। 2026 का सीजन फैंस के लिए एक यादगार अनुभव साबित हो सकता है।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button