Top Newsविदेश

अफगानिस्तान में छिड़ी निर्णायक लड़ाई, तालिबान घुसे प्रांत की राजधानी में

काबुल, एएनआइ। अफगानिस्तान में सुरक्षा बलों और तालिबान के बीच निर्णायक लड़ाई छिड़ गई है। तालिबानी आतंकी बादगीस प्रांत की राजधानी में घुस गए। पिछले 24 घंटों में तालिबान ने छह जिलों पर कब्जा कर लिया है। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा है कि तालिबान सौ साल में भी सरकार से समर्पण नहीं करा सकते।

बुधवार को तालिबान के सैकड़ों आतंकी बादगीस प्रांत की राजधानी काला-ए-नव में प्रवेश कर गए और पुलिस मुख्यालय पर कब्जा कर लिया। संघर्ष के दौरान यहां जेल में बंद कैदी फरार हो गए।

इधर अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा है कि तालिबान अपने इरादों में सफल नहीं होंगे, वे अगले सौ साल में भी सरकार से समर्पण नहीं करा सकते। उन्होंने परोक्ष रूप से पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में रक्तपात के लिए तालिबान और उसके हमदर्द देश जिम्मेदार हैं। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हमदुल्ला मोहिब ने बताया कि सुरक्षा बलों की सहायता के लिए सात ब्लैक हाक हेलिकाप्टर तैनात कर दिए गए हैं। सुरक्षा बलों के साथ दस हजार अफगान कमांडो तालिबानी आतंकवादियों को ठिकाने लगाने के लिए सक्रिय हैं।

Related Articles

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पिछले चौबीस घंटे के दौरान दो सौ से अधिक तालिबानी आतंकवादी मारे गए हैं। तालिबान ने दावा किया है कि इसी अवधि में उन्होंने छह जिलों पर कब्जा कर लिया है।

ईरान ने शुरू की तालिबान-अफगान सरकार के बीच मध्यस्थता

एपी के अनुसार ईरान ने तेहरान में अफगान प्रतिनिधिमंडल और तालिबान के साथ वार्ता शुरू करा दी है। दोनों के बीच दोहा में लंबे समय से वार्ता चल रही थी और इसमें गतिरोध आ रहा था। तालिबान का नेतृत्व शेर मोहम्मद अब्बास स्तानिकजई कर रहे हैं। अफगान सरकार की तरफ से पूर्व उपराष्ट्रपति यूनूस कानूनी नेतृत्व कर रहे हैं।

निवेश के बहाने अफगानिस्तान में घुसना चाहता है डै्रगन

एएनआइ के अनुसार अमेरिकी सेना की वापसी के साथ ही चीन अफगानिस्तान में तेजी से सक्रिय हो रहा है। वह यहां निवेश की संभावना देख रहा है। उसकी योजना यहां बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव(बीआरआइ)का विस्तार करने की है। काबुल की बीजिंग से निरंतर वार्ता चल रही है।

अफगानिस्तान के सीमावर्ती देशों से रूस ने किया सुरक्षा का वादा

रायटर के अनुसार रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपने मध्य एशिया के सहयोगी देशों की सुरक्षा का वादा किया है। सर्गेई ने कहा है कि अफगानिस्तान की बिगड़ती स्थिति के बीच हम अपने सहयोगी देशों को पूरी सुरक्षा देंगे। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने ताजिकिस्तान के प्रधानमंत्री एमोमली रहमन से भी वार्ता की।

तीन सौ अफगान सैनिक ताजिकिस्तान से वापस लौटे

कुछ दिन पहले तालिबान के साथ संघर्ष में कमजोर पड़ने के बाद ताजिकिस्तान भागे अफगान सैनिक अब वापस लौट रहे हैं। बुधवार को तीन सौ सैनिक वापस लौट आए।

गृहयुद्ध हुआ तो पांच लाख अफगान शरणार्थी पहुंचेंगे पाक

पाकिस्तान की सरकार ने अनुमान लगाया है कि अफगानिस्तान में गृहयुद्ध हुआ तो उसकी सीमा में करीब पांच लाख शरणार्थी आ सकते हैं। पाक ने कहा कि इस बार इन शरणार्थियों को देश के अंदर नहीं घुसने दिया जाएगा, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्र में ही शिविर लगा दिए जाएंगे।

अमेरिका की 90 फीसद सेना वापस

अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा है कि अमेरिका की अफगानिस्तान में तैनात 90 फीसद सेना वापस लौट चुकी है।

Show More

khabarbhoomi

खबरभूमि एक प्रादेशिक न्यूज़ पोर्टल हैं, जहां आपको मिलती हैं राजनैतिक, मनोरंजन, खेल -जगत, व्यापार , अंर्राष्ट्रीय, छत्तीसगढ़ , मध्याप्रदेश एवं अन्य राज्यो की विश्वशनीय एवं सबसे प्रथम खबर ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button