Top Newsखेल

अब पेरिस ओलिंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने पर फोकस : मनप्रीत सिंह

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय पुरुष हाकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि टोक्यो ओलिंपिक में मिले ऐतिहासिक कांस्य पदक का जश्न अब बंद करके अगले साल के एशियाई खेलों में पीला तमगा जीतने पर फोकस करना होगा, ताकि पेरिस ओलिंपिक के लिए सीधे क्वालीफिकेशन मिल सके।

टोक्यो में 41 साल बाद ओलिंपिक पदक जीतकर लौटी भारतीय पुरुष हाकी टीम का लगातार यशगान हो रहा है। तीसरे स्थान के प्लेआफ मुकाबले में जर्मनी पर 5-4 से मिली जीत को एक महीना हो गया है और मनप्रीत ने कहा कि अब 2022 के लिए रणनीति बनाने का समय है। उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ सप्ताह में हमें लोगों का बहुत प्यार और तारीफ मिली। मुझे लगता है कि अब शरीर और दिमाग को आराम देने की जरूरत है। हमने सम्मान समारोहों का पूरा मजा लिया। हम इस प्यार और सम्मान से अभिभूत हैं, लेकिन अब 2022 में बेहतर प्रदर्शन पर भी ध्यान देना है।’

एशियाई खेल अगले साल 10 से 25 सितंबर तक चीन में होंगे। भारतीय टीम का लक्ष्य इसमें स्वर्ण पदक लेकर ओलिंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करना होगा। मनप्रीत ने कहा, ‘पिछली बार हम चूक गए थे और हमने कांस्य पदक जीता। हम खुशकिस्मत थे कि ओलिंपिक क्वालीफाइंग मैच भारत में हुए, लेकिन हर बार उस पर निर्भर नहीं रह सकते। हमें एशियाई खेल जीतने होंगे, ताकि पेरिस ओलिंपिक 2024 की तैयारी के लिए पूरा समय मिल सके।’

भारतीय महिला हाकी टीम भी ओलिंपिक में चौथे स्थान पर रही। मनप्रीत का मानना है कि इससे देश में खेल की लोकप्रियता बढे़गी। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह भारतीय हाकी के लिए नई शुरुआत है। महिला टीम ने भी अच्छा खेला है और हाकी को वह समर्थन मिल रहा है जो कभी मिलता था।’ आपको बता दें कि, कई पूर्व दिग्गजों का कहना है कि, इस मेडल के बाद भारत में हाकी का फिर से जन्म हुआ है। 

Related Articles
Show More

khabarbhoomi

खबरभूमि एक प्रादेशिक न्यूज़ पोर्टल हैं, जहां आपको मिलती हैं राजनैतिक, मनोरंजन, खेल -जगत, व्यापार , अंर्राष्ट्रीय, छत्तीसगढ़ , मध्याप्रदेश एवं अन्य राज्यो की विश्वशनीय एवं सबसे प्रथम खबर ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button