छत्तीसगढ़

बाल विवाह के खिलाफ जन-जागरण, कल से निकलेगा ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’

रायपुर

बचपन को समय से पहले जिम्मेदारियों में बांध देने वाली बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध छत्तीसगढ़ में व्यापक जन-जागरण अभियान शुरू होने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 27 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय ‘जन-संवाद’ कार्यक्रम का आयेाजन किया जाएगा। इसी दिन ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को रवाना करने के साथ 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का शुभारंभ भी होगा।

पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा आयोजन

Related Articles

यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायुपर में आयोजित होगा। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि होंगी, जबकि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्यसभा सांसद  लक्ष्मी वर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील कुमार सोनी, मोतीलाल साहू, इन्द्रकुमार साहू और अनुज शर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर  मीनल चौबे और जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे।

जनभागीदारी और बच्चों के भविष्य पर फोकस
  
बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के निर्णय लेने के अधिकार पर गहरा प्रभाव डालता है, जिससे विशेष रूप से बालिकाओं की पढ़ाई और आगे बढ़ने के अवसर बाधित होते हैं। ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ और 100 दिवसीय अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि हर बच्चे को पढ़ने, बढ़ने और अपना भविष्य चुनने का हक मिले। इस पहल का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम को परिवार व समुदाय की साझा जिम्मेदारी बनाना और जन-जागरूकता व सामूहिक संकल्प के जरिए ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को प्राप्त करना है।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button