खेल

कोरोना में ऑस्ट्रेलिया में फंसे निखिल ने बदली किस्मत, इंग्लैंड के खिलाफ बल्ले और गेंद से मचाया धमाल

नई दिल्ली
दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं. 21 नवंबर (शनिवार) को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेले गए इस मैच में निखिल ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 38 गेंदों पर 66 रन बनाए और गेंदबाजी में दो विकेट भी हासिल किए. उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को तीन विकेट से हराया. निखिल को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.

यह मुकाबला निखिल चौधरी के लिए भावनात्मक रूप से भी खास रहा क्योंकि पहली बार उनके माता-पिता उन्हें ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए देखने स्टेडियम पहुंचे थे. वे भारत से खास तौर पर बेटे का मैच देखने आए थे. निखिल ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि दिल्ली से उनका सफर उन्हें मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड तक पहुंचाएगा. माता-पिता के सामने 'प्लेयर ऑफ द मैच बनना' उनके लिए यादगार पल रहा.

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 188 रनों का लक्ष्य रखा था. सैम हार्पर ने 32 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी. इसके बाद चौथे नंबर पर उतरे निखिल ने पारी को संभाला. उन्होंने कप्तान मिचेल मार्श (37) और टिम डेविड (20) के साथ उपयोगी साझेदारियां कीं. निखिल के आउट होने के बाद जैक एडवर्ड्स ने एक गेंद शेष रहते ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी. इससे पहले निखिल ने गेंदबाजी में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक (65) और सैम करन (21) को पवेलियन भेजा था.

निखिल चौधरी के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने की कहानी किसी तय योजना का हिस्सा नहीं थी. उनके पिता स्नेह चौधरी के मुताबिक, मार्च 2020 में निखिल अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने और छुट्टियां बिताने ऑस्ट्रेलिया गए थे. निखिल ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि उन्होंने 14 से 16 मार्च के आसपास उन्हें एयरपोर्ट छोड़ा था. इसके कुछ ही समय बाद कोरोना महामारी फैल गई और वह ऑस्ट्रेलिया में ही रह गए.

शुभमन-अभिषेक के साथ खेल चुके निखिल
परिवार को शुरुआत में उनके इस फैसले पर चिंता थी. निखिल पंजाब की आयु-वर्ग टीमों में खेल चुके थे और शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा तथा अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा कर चुके थे. उनके माता-पिता चाहते थे कि वह भारत के घरेलू क्रिकेट में अपना करियर आगे बढ़ाएं, लेकिन निखिल चौधरी को ऑस्ट्रेलिया में अपने भविष्य पर भरोसा था.

ऑस्ट्रेलिया में शुरुआती समय निखिल चौधरी ने टाउन्सविले में बिताया, जहां उनके चाचा रहते थे. बाद में क्रिकेट के बेहतर अवसरों की तलाश में वह ब्रिस्बेन चले गए. वहां उन्होंने सदर्न सबर्ब्स और नॉर्दर्न सबर्ब्स क्लब के लिए क्रिकेट खेला. इस दौरान खर्च चलाने के लिए मैक्सिकन रेस्टोरेंट में पार्ट टाइम नौकरी भी की. उनके पिता बताते हैं कि निखिल उन्हें समझाते थे कि ऑस्ट्रेलिया में खिलाड़ियों को अभ्यास के साथ काम भी करना पड़ता है. परिवार ने धीरे-धीरे उनकी मेहनत और फैसले को स्वीकार कर लिया.

निखिल चौधरी ने अपने शुरुआती करियर में मीडियम पेस बॉलिंग की थी. बाद में ऑफ स्पिन अपनाई और ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए लेग स्पिनर के तौर पर भी खुद को विकसित किया. बल्लेबाजी में भी उन्होंने अलग-अलग क्रम पर खेलने की क्षमता दिखाई. भारत में वह अक्सर निचले क्रम में उतरते थे, जबकि होबार्ट हरिकेन्स के लिए उन्हें ऊपर बल्लेबाजी करने के मौके मिले.

ऑस्ट्रेलिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए उन्हें पांच साल की रेजिडेंसी अवधि पूरी करनी पड़ी. इस दौरान उन्होंने क्लब क्रिकेट, बिग बैश लीग (BBL) में होबार्ट हरिकेन्स और तस्मानिया के लिए खेलकर अपनी पहचान बनाई. वह द हंड्रेड, कैरेबियन लीग और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में भी हिस्सा ले चुके हैं.

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button