
अरवल
राष्ट्रीय राजमार्ग-139 को चार लेन करने और अरवल में बाईपास निर्माण की मंजूरी केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मिलने पर जिले वासियों में खुशी की लहर है। सड़क चौड़ी हो जाने पर पटना और औरंगाबाद का सफर आसान हो जाएगा।
अभी अरवल शहर में जाम की समस्या बनी रहती है। बालू ढुलाई करने वाले ट्रकों के कारण मुख्य सड़कों पर यातायात प्रभावित होता है। बाईपास बनने के बाद भारी वाहन शहर के बाहर से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
इससे शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होने और आम लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी भूमि अधिग्रहण और निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने तक लोगों को कुछ समय इंतजार करना पड़ेगा।
जिले में हसनपुर पीपरा से कोरियम तक ग्रीनफील्ड फोरलेन बाईपास निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। करीब 665.5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली 12.93 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए अब तक 15 मौजों के 320 भूखंडों की अधिघोषणा के लिए प्रस्ताव राष्ट्रीय उच्च पथ औरंगाबाद प्रमंडल को भेजा गया है।
शेष भूखंडों के लिए भी जल्द प्रस्ताव भेजने की तैयारी है। भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए 55.81 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। इसमें 20 गांवों के 756 भूखंड शामिल हैं।
भूमि अधिग्रहण विभाग की ओर से संबंधित भूखंडों पर जाकर रैयतों की पहचान की गई है। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिघोषणा के लिए प्रस्ताव भेजने का काम तेजी से किया जा रहा है
इन गांवों में होगा भूमि अधिग्रहण
परियोजना के तहत सकरी, रसीदपुर, काजीचक, इस्लामपुर, भूसड़ा, वासिलपुर, सिपाह, चिरैयाटांड़, प्यारेचक, दरवेशपुर, बैदराबाद, कंसोपुर, हसनपुर पीपरा, कोरियम, कोनिका, मखदुमपुर कबीर, सैदपुर धावा, डांगरा आहर, समनपुर और पिपरा बंगला खानकुलीपुर के भूखंडों का अधिग्रहण किया जाना है।
भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी के अनुसार, कोरियम के 64, कोनिका के 92, डांगरा आहर के 157, समनपुर के 60 और पिपरा बंगला के 61 भूखंडों की अधिघोषणा के लिए प्रस्ताव जल्द भेजा जाएगा। अधिघोषणा के बाद तय होगा मुआवजा अधिघोषणा प्रकाशित होने के बाद संबंधित रैयतों से आपत्तियां ली जाएंगी।
आपत्तियों के निष्पादन के बाद भूमि के मूल्यांकन के लिए नियमानुसार प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। राशि स्वीकृत होने के बाद रैयतों के नाम मुआवजा राशि का पंचाट तैयार किया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी ने किसानों से खतियान, केवाला, ऑनलाइन जमाबंदी और खेसरा सहित जमीन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है
क्या कहते हैं पदाधिकारी?
एनएच-139 के कार्यपालक अभियंता तुलसी प्रसाद ने बताया कि परियोजना पर करीब 665.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें भूमि अधिग्रहण और निर्माण की लागत शामिल है। हालांकि, भूमि अधिग्रहण विभाग का प्राक्कलन आने के बाद लागत में बदलाव हो सकता है।
क्या कहते हैं लोग?
स्थानीय निवासी बलिराम पाठक ने कहा कि बाईपास के निर्माण होने से शहर में जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। अभी पैदल चलने में भी जाम के कारण परेशानी होती हैं। स्कूली बच्चे घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
रविशंकर चौरसिया का कहना है कि बाईपास निर्माण के बाद भारी वाहन शहर के बाहर से जाएंगे। जिससे शहरी इलाके में वायु प्रदूषण, धुआं और गाड़ियों के हॉर्न का शोर काफी हद तक घट जाएगा।
आशीष कुमार ने कहा कि बाईपास के निर्माण से आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी मुख्य बाजार और शहरों से बेहतर और आसान आवागमन की सुविधा मिलती है। बाईपास के किनारे वाले गांवों का विकास होगा।
साधु सिंह ने कहा कि एनएच-
139 फोरलेन होने से जिले में व्यावसायिक गतिविधियां तेज होंगी। एक से डेढ़ घंटे में राजधानी पहुंच जाएंगे। अभी जाम के कारण पटना जाने में 3 घंटे लगते हैं।






