मध्यप्रदेश

विजयादशमी पर राज्यपाल पटेल का प्रदेशवासियों को संदेश

भोपाल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय के पर्व विजयादशमी (दशहरा) की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विजयादशमी पर प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं नव-ऊर्जा की कामना की है।

राज्यपाल पटेल ने अपने संदेश में कहा है कि विजयादशमी, भारतीय सनातन संस्कृति की अक्षुण्ण परंपरा, नैतिक मूल्यों और आत्मबल का प्रतीक पर्व है। यह पर्व केवल बाहरी बुराई के दहन का अवसर नहीं है, बल्कि हमारे भीतर व्याप्त अज्ञान, अहंकार, स्वार्थ और संकीर्णता जैसी आंतरिक बुराइयों को समाप्त कर आत्म-शुद्धि का संकल्प लेने का प्रसंग है। उन्होंने कहा है कि हमारी सनातन परंपरा सदैव सत्य, अहिंसा, करुणा और लोक-कल्याण के सिद्धांतों पर आधारित रही है। सनातन संस्कृति हमें सिखाती है कि समाज के प्रति दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही सच्चा धर्म होता है।

राज्यपाल पटेल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर सब मिलकर सामाजिक समरसता, भ्रातृत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा 'विकसित भारत एवं समृद्ध मध्यप्रदेश' के संकल्प को साकार करने के लिए एकजुट हों। समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और मानवता की सेवा के सनातन ध्येय को अपनाकर विजयादशमी के संदेश को सार्थक बनाएं।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button