उत्तर प्रदेश

डॉक्टर-इंजीनियर बनने का सपना होगा आसान, योगी सरकार की योजना में छात्राओं को 80% पर मौका

दसवीं के अंकों से खुलेगा डॉक्टर-इंजीनियर बनने का रास्ता, योगी सरकार में मेधावियों को मुफ्त कोचिंग

जेईई के लिए गणित-विज्ञान में 85% अंक जरूरी, छात्राओं को 80% पर मौका

मेडिकल वर्ग में श्रेणीवार तय है कटऑफ, पारिवारिक आय की शर्त भी करनी होगी पूरी

Related Articles

लखनऊ
 दसवीं में गणित और विज्ञान में हासिल किए गए अंक अब मेधावी विद्यार्थियों के लिए इंजीनियर या डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर बन सकते हैं। योगी सरकार में उत्तर प्रदेश के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में पढ़ रहे विद्यार्थियों को जेईई और नीट की तैयारी के लिए दक्षणा फाउंडेशन के माध्यम से एक साल की निःशुल्क कोचिंग मिलेगी। खास बात यह है कि इस अवसर के लिए पात्रता तय करने में कक्षा 10 के अंकों के साथ पारिवारिक आय को भी आधार बनाया गया है। चयनित विद्यार्थियों को पुणे के निकट दक्षणा वैली परिसर में कोचिंग के साथ आवास और भोजन की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी।

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में अध्ययनरत और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (जेडीएसटी-2027) के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

इंजीनियरिंग के लिए छात्रों से अधिक छात्राओं को मिलेगी छूट

इंजीनियरिंग वर्ग में सामान्य श्रेणी के छात्रों के लिए कक्षा 10 के गणित एवं विज्ञान विषयों में 85 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। वहीं, छात्राओं के लिए कटऑफ 80 प्रतिशत है। यानी सामान्य श्रेणी की छात्राओं को पात्रता के लिए पांच प्रतिशत अंकों की छूट मिलेगी। अन्य श्रेणियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग मानक लागू होंगे।

मेडिकल वर्ग में श्रेणीवार तय है कटऑफ

नीट की तैयारी के लिए सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 10 में 80 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह सीमा 75 प्रतिशत, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 65 प्रतिशत है। इन मानकों के जरिए अलग-अलग श्रेणियों के पात्र विद्यार्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।

पारिवारिक आय की शर्त भी करनी होगी पूरी

योजना का लाभ लेने के लिए छात्रों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम और छात्राओं के परिवार की आय पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए। चयनित विद्यार्थियों को एक साल तक निःशुल्क कोचिंग, आवास और भोजन मिलेगा। सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पात्र विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी https://apply.scholarship.dakshana.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button