उत्तर प्रदेश

किसानों को अब नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर, गोधना में बनेगा किसान कल्याण केंद्र

मैनपुरी
किसानों को बीज, कृषि यंत्रों पर अनुदान और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। घिरोर क्षेत्र के ग्राम गोधना में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से किसान कल्याण केंद्र स्थापित किया जाएगा।

शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद कृषि विभाग ने निर्माण की तैयारियां तेज कर दी हैं। बजट आवंटित होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। केंद्र बनने से क्षेत्रीय किसानों को एक ही छत के नीचे कृषि संबंधी सुविधाएं और योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी।

राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत केंद्र का प्रस्ताव 14 अप्रैल 2026 को ग्राम गोधना सचिवालय में रखा गया था। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जहां से इसे स्वीकृति मिल गई।

अब बजट मिलने का इंतजार है। निर्माण पूरा होने पर गोधना समेत आसपास के गांवों के किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। किसान कल्याण केंद्र की स्थापना के लिए कृषि विभाग ने ग्राम गोधना में 0.0625 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की है।

यह जमीन करहल-घिरोर रोड पर स्थित है और राजस्व अभिलेखों में ऊसर के रूप में दर्ज है। संबंधित लेखपाल की ओर से भूमि के संबंध में आख्या भी शासन को भेजी जा चुकी है।

जिला कृषि अधिकारी अविशांक सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र स्थापित करने का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना है। यहां उच्च गुणवत्ता वाले उन्नत बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।

एक ही जगह मिलेंगी कृषि सुविधाएं
किसान कल्याण केंद्र पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत अन्य अनुदान योजनाओं के लिए पंजीकरण और सहायता डेस्क की सुविधा मिलेगी। किसानों को कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी के साथ उपकरणों का प्रदर्शन भी दिखाया जाएगा। इससे किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से ले पाएंगे।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button