मध्यप्रदेश

भोपाल में होगा भारतीय सेना का ऐतिहासिक राष्ट्रीय समारोह

आपकी सेना–आपके पास" थीम के साथ सेना के शौर्य और सामर्थ्य का साक्षी बनेगा भोपाल

भोपाल
मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार भोपाल में भारतीय सेना के राष्ट्रीय स्तर का गौरवशाली आयोजन होने जा रहा है, जो प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि और गर्व का अवसर होगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि यह समारोह देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को करीब से जानने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, सैन्य सेवाओं के प्रति सम्मान और देश की सुरक्षा के प्रति जागरूकता का भाव सुदृढ़ करेगा। आगामी 15 जनवरी 2027 को भोपाल में आयोजित होने वाले भारतीय सेना दिवस के राष्ट्रीय समारोह को लेकर गुरुवार को मंत्री सारंग ने टीटी नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, खेल और युवा कल्याण विभाग, संस्कृति सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय सैन्य आयोजनों को दिल्ली से बाहर देश के विभिन्न हिस्सों तक ले जाने के दृष्टिकोण के अनुरूप भारतीय सेना ने भोपाल में सेना दिवस समारोह आयोजित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस आयोजन की मुख्य थीम "आपकी सेना–आपके पास" रखी गई है, जो भारतीय सेना और आम नागरिकों के बीच आत्मीय जुड़ाव को और मजबूत करेगी।

भोपाल के विभिन्न स्थलों पर दिखेगा भारतीय सेना का सामर्थ्य
सेना दिवस-2027 के अवसर पर भोपाल के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर मुख्य परेड के साथ अनेक भव्य एवं रोमांचक कार्यक्रम होंगे। बीएचईएल स्थित कालीबाड़ी मार्ग में मुख्य आर्मी-डे परेड आयोजित होगी, जिसमें भारतीय सेना के अनुशासित दस्तों और सैन्य सामर्थ्य का भव्य प्रदर्शन होगा। टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में शौर्य संध्या ‘रणहुंकार’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के साथ मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं जनजातीय विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें आड़ा-खड़ा और भगोरिया जैसे पारंपरिक लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं जंबूरी मैदान में भारतीय सेना के अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों का स्टेटिक एवं डायनेमिक डिस्प्ले होगा। नागरिकों को आधुनिक सैन्य प्रणालियों को करीब से देखने तथा उनकी कार्यक्षमता और संचालन को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही बड़े तालाब के वीआईपी बोट क्लब क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले के माध्यम से भारतीय सेना की सामरिक क्षमता, रणनीतिक कौशल और समन्वित सैन्य कार्रवाई का प्रदर्शन किया जाएगा।

सेना दिवस से जुड़े मुख्य कार्यक्रम और तिथियां
1 नवंबर 2026 (मध्य प्रदेश स्थापना दिवस) से मेरी माटी अभियान की शुरुआत होगी, जिसके तहत विभिन्न जिलों से मिट्टी एकत्रित कर शौर्य स्मारक में संकल्प वृक्ष लगाया जाएगा। सेना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत 9 जनवरी 2027 से होगी। 9 से 12 जनवरी के बीच सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी, लाइव डेमो और एयर-शो/वाटर स्पोर्ट्स बड़ा तालाब, अटल पथ, जंबूरी मैदान में की जाएगी। 15 जनवरी सेना दिवस पर मुख्य परेड भोपाल के भेल क्षेत्र में कालीबाड़ी मार्ग पर होगी। साथ ही टीटी नगर स्टेडियम में 15 जनवरी की शाम देशभक्ति से ओतप्रोत शौर्य संध्या (रणहुंकार) का आयोजन किया जाएगा।

पहली बार शहर के सार्वजनिक क्षेत्र में दिखेगा सेना दिवस का भव्य आयोजन
भोपाल में आयोजित होने वाला यह राष्ट्रीय समारोह इसलिए भी विशेष है, क्योंकि आर्मी-डे परेड किसी सैन्य छावनी तक सीमित नहीं रहकर शहर के सार्वजनिक क्षेत्र में आयोजित की जाएगी। सेना के विभिन्न दस्तों, टैंकों, ड्रोन और अत्याधुनिक सैन्य प्रणालियों के प्रदर्शन से नागरिकों को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक और सामरिक क्षमताओं को नजदीक से जानने का अवसर मिलेगा।

बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक चंचल शेखर, संस्कृति विभाग के संचालक एन.पी. नामदेव, अपर सचिव (खेल एवं युवा कल्याण) अजय श्रीवास्तव, भारतीय सेना के पश्चिम मध्यप्रदेश सब एरिया के मेजर जनरल विकास लाल, कर्नल सुब्रत मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button