राजनीति

‘विधानसभा कोई फिल्म सेट नहीं’, CM विजय पर एमके स्टालिन का तंज, योजनाओं के नाम बदलने का लगाया आरोप

चेन्नई
 तमिलनाडु की मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय एक बार फिर से विपक्ष के निशाने पर हैं। राज्य के मुख्य विपक्षी दल डीएमके के नेता एम के स्टालिन ने मुख्यमंत्री के ऊपर सदन को फिल्म सेट समझने का आरोप लगाया। उन्होंने अभिनेता से नेता बने विजय पर तंज कसा कि वह विधानसभा को फिल्म के सेट की तरफ इस्तेमाल कर रहे हैं और केवल ‘पंच डायलॉग’ बोलने पर ध्यान दे रहे हैं।

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक डीएमके की कार्यकारी बैठक को संबोधित करते हुए स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया टीवीके सरकार डीएमके के दौर में शुरू की गई योजनाओं का नाम बदलने का काम कर रही है। स्टालिन ने कहा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री अभी केवल हमारे दौर में शुरू की गई योजनाओं का नाम बदलने में व्यस्त हैं। उन्होंने विधानसभा को सिनेमा सेट समझ लिया है। पंच डायलॉग बोल रहे हैं।" स्टालिन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जहां तक डीएमके की बात है, तो वह चाहें चुनाव हारें या फिर जीतें… वह जनता के रोजमर्रा के जीवन से गहराई से जुड़े हुए हैं।

उदयनिधि स्टालिन ने भी लगाया था विजय पर डायलॉगबाजी का आरोप
बता दें, यह पहली बार नहीं है, जब थलपति विजय के ऊपर विधानसभा में डायलॉग मारने का आरोप लगा है। इससे पहले विधानसभा में भी नेता प्रतिपक्ष उदयानिधि स्टालिन ने विजय को चुनौती देते हुए कहा था कि अगर उनके पास सबूत हैं, तो उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए। इस तरह से डायलॉगबाजी नहीं करनी चाहिए। दरअसल, मुख्यमंत्री विजय ने कहा था कि वह जल्दी ही डीएमके सरकार से जुड़ी भ्रष्टाचार की सरकारी फाइलों को सार्वजनिक करने वाले हैं।

सबूत हैं, तो सामने रखो- उदयनिधि स्टालिन- मुख्यमंत्री विजय के इस बयान को लेकर उदयनिधि ने उन्हें सदन में ही घेर लिया था। उदयनिधि ने कहा, “असमंजस में मत रहिए और विधानसभा में फिल्मों की तरह पंच डायलॉग नहीं मारिए। अगर भ्रष्टाचार के ठोस सबूत हैं, तो मैं अनुरोध करता हूं कि तुरंत ही फाइलें खोलें और कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री को फाइलें सार्वजनिक करने में आखिर इतना संकोच क्यों हैं? क्या वह तारीख तय करने के लिए किसी ज्योतिषी की मदद ले रहे हैं।”

विधानसभा में फिल्मी ऐक्शन करके चर्चा में आए थे विजय
अभिनेता से नेता बने थलपति विजय शुरुआत से ही अपने फिल्मी बैकग्राउंड की वजह से विपक्ष के निशाने पर बने हुए हैं। जून में पहली बार जब विधानसभा के सदन में वह पहुंचे थे, तो डीएमके पार्टी ने सदन से वॉकआउट कर दिया था। उसके बाद विजय ने सदन के स्पीकर की अनुमति के साथ फिल्मी अंदाज में अपने भाषण को खत्म किया था। थलपति विजय का यह अंदाज वायरल हो गया। इस पर डीएमके ने उन पर जमकर हमला बोला था

तमिलनाडु विधानसभा में लगातार हो रहा हंगामा
वर्तमान में तमिलनाडु की राजनीति में जबरदस्त हंगामा चल रहा है। मुख्यमंत्री विजय लगातार विपक्षी पार्टियों के ऊपर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगा रहे हैं। वही, विपक्ष भी परिसीमन बिल, कावेरी जल विवाद और तमिलनाड के नए सीएमओ में हो रही अनियमितताओं को लेकर टीवीके सरकार पर निशाना साधे हुए हैं। पहली बार सत्ता में आए विजय और उनके साथी नेता लगातार इन हमलों का जवाब दे रहे हैं।

लेकिन दशकों से सत्ता के केंद्र में रहने वाली डीएमके सदन में लगातार हंगामा मचाए हुए है। उदयनिधि स्टालिन अपने विधायकों के साथ लगातार सरकार पर हमलावर हैं, जबकि उनके पिता एम. के स्टालिन बाहर से हमला कर रहे हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button