खाना-ख़जाना

विगत 5 दिनों में 83 लाख रूपये से अधिक कीमत के अवैध मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त

भोपाल

मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत 5 दिनों में पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई के दौरान डोडाचूरा, अफीम, एमडी ड्रग्स, ब्राउन शुगर एवं अवैध नशीली कफ सिरप सहित लगभग 83 लाख 97 हजार रूपये से अधिक कीमत के अवैध मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं।

मंदसौर – पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई की गई। थाना अफजलपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 62 किलो 840 ग्राम डोडाचूरा, कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रूपये का जब्त किया।

Related Articles

थाना भावगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय अफीम तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 किलो अफीम, एक मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल सहित लगभग 6 लाख 60 हजार रूपये की संपत्ति जब्त की है।

वहीं थाना सीतामऊ पुलिस ने डोडाचूरा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 529 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा तथा तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन सहित लगभग 15 लाख 59 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की। तीनों कार्रवाईयों में लगभग 23 लाख 44 हजार रूपये की संपत्ति जब्त की है।

नीमच -पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रतनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम सहित लगभग 20 लाख 50 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इंदौर – इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग कार्रवाईयों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में क्राइम ब्रांच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 103.55 ग्राम एमडी ड्रग्स, तथा बिना नंबर की होंडा हॉर्नेट मोटरसाइकिल सहित लगभग 11 लाख 80 हजार रूपये की संपत्ति जब्त की है।

वहीं भंडारी ब्रिज के नीचे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स सहित लगभग 5 लाख 40 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है। इस प्रकार दोनों कार्रवाईयों में 17 लाख 20 हजार रूपये की संपत्ति जब्‍त की है।

रीवा -पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से परिवहन की जा रही 1,410 शीशी अवैध नशीली ऑनरेक्स कफ सिरप सहित लगभग 13 लाख 83 हजार रूपये की संपत्ति जब्‍त की है।

उज्जैन -जिले के थाना घट्टिया पुलिस ने यात्री बैग एवं ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जाए जा रहे 33 किलो 550 ग्राम अवैध डोडाचूरा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रूपए है, जब्त किया।

विदिशा -थाना देहात गंजबासौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक पूर्व तस्कर एवं एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में लगभग 4 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला को ध्वस्त करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में लगातार सघन एवं समन्वित कार्रवाई की जा रही है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण अथवा बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ मध्यप्रदेश के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button