मध्यप्रदेश

गुजरात के प्रमुख उद्योग समूहों से करेंगे वन-टू-वन चर्चा, मध्यप्रदेश में निवेश के लिए देंगे आमंत्रण

भोपाल

मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने और देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ निवेश साझेदारी को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अगस्त को अहमदाबाद में गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से संवाद करेंगे। अहमदाबाद में मेगा निवेश रोड शो में मुख्यमंत्री गुजरात के उद्योग जगत को मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, अनुकूल औद्योगिक नीतियों और निवेशक सुविधाओं से अवगत कराऐंगे तथा प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए भी गुजरात के उद्योग जगत को आमंत्रित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री की अहमदाबाद के प्रमुख उद्योग समूहों से महत्वपूर्ण मुलाकातें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अहमदाबाद प्रवास के दौरान गुजरात के प्रमुख औद्योगिक समूहों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। मुख्यमंत्री अरविंद लिमिटेड, टोरेंट पॉवर तथा अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इन बैठकों में वस्त्र, ऊर्जा, अधोसंरचना, विनिर्माण और औद्योगिक विस्तार के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। हरी कृष्णा एक्सपोर्ट के चेयरमैन  ढोलकिया, चिरिपाल समूह के चेयरमैन  बृजमोहन चिरिपाल और अग्रवाल ग्रुप के चेयरमैन  चिमन भाई शाह के साथ भी व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। संवादों में संभावित निवेश परियोजनाओं, औद्योगिक विस्तार, भूमि उपलब्धता तथा निवेशकों को उपलब्ध सुविधाओं और सहयोग पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह सीधा संवाद गुजरात के प्रमुख उद्योग समूहों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों से जोड़ने और संभावित निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा।

औद्योगिक क्षमता, आधुनिक अधोसंरचना और टेक इको सिस्टम की होगी प्रस्तुति

ताज स्काईलाइन होटल अहमदाबाद में आयोजित मुख्य निवेशक संवाद सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में सीआईआई गुजरात स्टेट काउंसिल के चेयरमैन एवं सिम्फनी लिमिटेड के चेयरमैन  अचल बाकेरी स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश में निवेश अवसरों पर विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति होगी।

अपर मुख्य सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन  नीरज मंडलोई मध्यप्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य, मजबूत अधोसंरचना, निवेशक-अनुकूल नीतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे। प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी  एम. सेल्वेन्द्रन प्रदेश के टेक इकोसिस्टम, नवाचार, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप्स एवं उच्च प्रौद्योगिकी आधारित निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम में वेलस्पन के  चिंतन ठाकरे एवं चिरिपाल समूह के  बृजमोहन चिरिपाल भी अपने विचार साझा करेंगे।

गुजरात के औद्योगिक अनुभव और मध्यप्रदेश के अवसरों के बीच बनेगा नया सेतु

अहमदाबाद का यह निवेश संवाद गुजरात और मध्यप्रदेश के उद्योग जगत के बीच निवेश सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा। गुजरात देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में है और यहां के उद्योग समूहों की विनिर्माण, ऊर्जा, वस्त्र, निर्यात, अवसंरचना और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति है। मध्यप्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक भूमि, बेहतर कनेक्टिविटी, पर्याप्त ऊर्जा, कुशल मानव संसाधन और निवेशक-अनुकूल नीतियां गुजरात के निवेशकों के लिए नए विस्तार अवसर उपलब्ध कराती हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार देश और विदेश के प्रमुख निवेशकों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर रही है। अहमदाबाद में होने वाला यह निवेश रोड शो इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से गुजरात के प्रमुख उद्योग समूहों को मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं से जोड़ा जाएगा। इससे नए निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन को गति मिलने की उम्मीद है तथा आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए भी मजबूत निवेश आधार तैयार होगा।

 

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button