मध्यप्रदेश

श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी न रहे, सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें : मंत्री सारंग

भोपाल 

परम पूजनीय गृहस्थ संत  पं. तरुण चौबे जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित होने वाली कलश यात्रा, पार्थिव शिवलिंग निर्माण महोत्सव, महारुद्राभिषेक एवं विशाल भंडारे की तैयारियों को लेकर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा नरेला विधानसभा क्षेत्र के विधायक  विश्वास कैलाश सारंग ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री  सारंग ने कहा कि यह धार्मिक आयोजन आस्था का महापर्व है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था समय पर पूर्ण करें, जिससे किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, महिला पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगर निगम को आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन साफ-सफाई, नियमित कचरा निष्पादन, चलित शौचालय, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

मंत्री  सारंग ने स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं फायर ब्रिगेड को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों सहित मौके पर तैनात रहने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे, जिससे आयोजन पूरी गरिमा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो

6 अगस्त से शुरू होगा छह दिवसीय धार्मिक आयोजन

धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को प्रातः 9 बजे सुभाष कॉलोनी शिव मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके बाद 6 अगस्त से 11 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महारुद्राभिषेक एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना एवं पूजन-अर्चन में सहभागिता करेंगे।

आयोजन का समापन 11 अगस्त (मंगलवार) को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित कन्या भोज एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। यह कार्यक्रम अशोका गार्डन दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसादी ग्रहण करने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री  विश्वास सारंग ने स्पष्ट कहा कि "श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में कोई कमी न छोड़ें।"

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button