बिहार

बिहार सरकार का बड़ा फैसला! सरकारी स्कूलों के शिक्षकों पर लागू हुआ नया ड्रेस कोड

पूर्णिया.

शिक्षा विभाग के नए निर्देश के बाद पूर्णिया जिले के सरकारी विद्यालयों में अब शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को अनिवार्य रूप से फॉर्मल ड्रेस में ही विद्यालय आना होगा। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को आदेश जारी कर कहा है कि निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।

अब पूर्णिया जिला शिक्षा कार्यालय भी जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में इस आदेश के अनुपालन की निगरानी करेगा। शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि 9 अक्टूबर 2024 को जारी निर्देशों का कई विद्यालयों में प्रभावी ढंग से पालन नहीं हो रहा था। इसे देखते हुए विभाग ने दोबारा सख्त आदेश जारी किया है। नए निर्देश के अनुसार विद्यालय अवधि के दौरान सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी केवल औपचारिक (फॉर्मल) पोशाक में ही उपस्थित होंगे। साथ ही विद्यालय परिसर में शालीन व्यवहार बनाए रखना होगा और किसी भी प्रकार की अमर्यादित गतिविधि से बचना होगा, जिससे शैक्षणिक वातावरण और संस्थान की गरिमा प्रभावित न हो।

Related Articles

शिक्षा विभाग ने पूर्णिया के जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी जिलों के डीईओ को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करें। यदि कहीं लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। अनुपालन की रिपोर्ट भी विभाग को भेजनी होगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से पूर्णिया जिले के सरकारी विद्यालयों में अनुशासन, पेशेवर कार्यसंस्कृति और बेहतर शैक्षणिक माहौल विकसित होगा। अब देखना होगा कि जिले के सैकड़ों सरकारी विद्यालयों में इस आदेश का पालन कितनी प्रभावी ढंग से कराया जाता है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button