
चेन्नई
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार (20 जून) को चेन्नई में है. सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी भारतीय टीम अब क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी. हालांकि इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण सिर्फ नतीजा नहीं, बल्कि कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी होगा, जिनके लिए यह मुकाबला भविष्य तय करने वाला साबित हो सकता है.
सबसे ज्यादा निगाहें यशस्वी जायसवाल पर रहेंगी. दिसंबर 2025 के बाद पहली बार वनडे टीम में वापसी करने वाले जायसवाल लखनऊ में खेले गए दूसरे मैच में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे. इससे पहले उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम (वाइजैग) में नाबाद 116 रनों की शानदार पारी खेली थी, लेकिन तब से टीम की तस्वीर काफी बदल चुकी है.
ईशान किशन की वापसी ने टॉप ऑर्डर में कंपटीशन और कठिन कर दिया है. किशन ने लखनऊ वनडे में शतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत कर ली. उनकी मौजूदगी के कारण कप्तान शुभमन गिल को खुद नंबर-3 पर उतरना पड़ा ताकि जायसवाल को ओपनिंग का मौका मिल सके.
यदि किशन और श्रेयस अय्यर क्रमशः नंबर-4 और नंबर-5 पर बने रहते हैं तो जायसवाल के लिए टीम में जगह बनाना और मुश्किल हो जाएगा. ऐसे हालात में चेन्नई वनडे उनके लिए बड़ा अवसर है. भारत की इंग्लैंड टूर के लिए वनडे टीम का ऐलान भी जल्द होना है और बीसीसीआई सेलेक्श कमेटी के बॉस अजीत अगरकर की अगुआई वाला पैनल हाल के दिनों में कड़े फैसले लेने के लिए जाना जाता है. ऐसे में एक और नाकामी जायसवाल की मुश्किलें बढ़ा सकती है.
केएल राहुल की स्थिति थोड़ी अलग है. लंबे समय बाद श्रेयस अय्यर की वापसी के बाद राहुल को अब अधिकतर नंबर-6 पर बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है. वनडे क्रिकेट में नंबर-5 राहुल की सबसे सफल पोजिशन रही है. इस क्रम पर उन्होंने 38 मैचों में 1517 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 10 अर्धशतक हैं. उनका एवरेज भी 63.2 का रहा है.
हालांकि नंबर-6 पर उनके आंकड़े उतने प्रभावशाली नहीं हैं. राहुल ने इस स्थान पर 15 मैचों में 332 रन बनाए हैं और सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है. लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए उन्हें कम ओवर मिलते हैं, इसलिए अब उनके सामने तेजी से रन बनाने और फिनिशर की भूमिका निभाने की चुनौती है. चेन्नई में वह इसी नई भूमिका में खुद को साबित करने की कोशिश करेंगे.
क्या हर्षित का होगा टीम इंडिया में कमबैक?
बॉलिंग डिपार्टमेंट में हर्षित राणा की वापसी चर्चा का विषय है. बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया है. ऐसे में संभावना है कि उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है, जिन्होंने सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले खेले हैं.
हर्षित की मौजूदगी भारत को निचले क्रम में अतिरिक्त बल्लेबाजी विकल्प भी देती है, खासकर तब जब नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं. इसके अलावा टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता इंग्लैंड दौरे से पहले उनकी मैच फिटनेस और तैयारियों का आकलन भी करना चाहेंगे.
गुरनूर बरार ने सीरीज के दोनों मैच खेले हैं और टीम मैनेजमेंट विभिन्न परिस्थितियों में उन्हें और परखना चाह सकता है. इसलिए टीम इंडिया के बॉलिंग कॉम्बिनेशन में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
दूसरी ओर अफगानिस्तान के लिए यह दौरा अब तक बेहद निराशाजनक रहा है. टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के सामने संघर्ष करती नजर आई है. दोनों वनडे मुकाबलों में भी अफगान टीम न बल्लेबाजी में प्रभाव छोड़ सकी और न ही गेंदबाजी में.
हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुआई वाली टीम अब आखिरी मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन के साथ दौरे का समापन करना चाहेगी. जीत भले मुश्किल दिख रही हो, लेकिन अफगानिस्तान अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगा.
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल और हर्षित राणा.
अफगानिस्तान टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान ), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अतल, दरवेश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह ओमरजई और राशिद खान.
भारत vs अफगानिस्तान हेड टू हेड (वनडे)
कुल मैच: 6
भारत जीता : 5
टाई: 1
मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा. भारत की नजर सीरीज में 3-0 की जीत दर्ज करने पर होगी, जबकि अफगानिस्तान सम्मान बचाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा.






