बिहार

रेलवे का बड़ा कदम: 30 करोड़ की लागत से टाटीसिलवे, सिल्ली समेत 7 स्टेशनों पर बनेगा आधुनिक फुट ओवरब्रिज

रांची
 रांची मंडल द्वारा सात रेलवे स्टेशनों पर नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है।

जिन स्टेशनों पर नए फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, उनमें टाटीसिलवे, तुलिन, टांगरबसली, सिल्ली, नामकुम, झालिदा और रामगढ़ कैंट स्टेशन शामिल हैं।

इसके अलावा ओरगा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों पर पहले से मौजूद फुट ओवरब्रिज का विस्तार किया जाएगा ताकि यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में अधिक सुविधा मिल सके।

Related Articles

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराना है।

वर्तमान में कई छोटे स्टेशनों पर यात्री प्लेटफार्म बदलने के लिए सीधे रेलवे ट्रैक पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

नए फुट ओवरब्रिज बनने के बाद यात्रियों को पटरियां पार करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

साथ ही, प्लेटफार्मों पर भीड़ प्रबंधन में भी सुधार आएगा। ट्रेन आने और जाने के दौरान यात्रियों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी तथा बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष राहत मिलेगी। रेलवे का मानना है कि इन सुविधाओं से दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी के यात्रियों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा।

30 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
रेलवे मंडल के अनुसार इस पूरी परियोजना पर लगभग 30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सभी निर्माण एवं विस्तार कार्यों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

निर्माण कार्यों में आधुनिक डिजाइन, मजबूत संरचना और बेहतर यात्री सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। रांची मंडल में रेलवे ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अन्य परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।

रांची से ओरगा के बीच रेलवे लाइन दोहरीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।

इसमें बेहतर प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म विकास, पेयजल और यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button