छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार 2026 : परसदा (सोंठ) शिविर में 1165 आवेदनों का त्वरित निराकरण, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

अभनपुर। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत अभनपुर विकासखंड के ग्राम परसदा (सोंठ) में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 1165 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर आमजनों को बड़ी राहत प्रदान की। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और उत्साह देखने को मिला।शिविर में विधायक इंद्रकुमार साहू, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह तथा जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए।

इस दौरान पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दिव्यांगजन सहायता उपकरण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाया।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जनसमस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच संवाद बढ़ाकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।ग्रामीणों ने शिविर में मौके पर समाधान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन की पहल की सराहना की। सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव में प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाने की यह पहल लोगों के लिए राहत और विश्वास का बड़ा माध्यम बन रही है।

Related Articles

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button