खाना-ख़जाना

मैगी स्प्रिंग रोल रेसिपी: बच्चों के लिए क्रिस्पी और टेस्टी स्नैक

अगर आपके बच्चे हर दिन एक ही तरह के स्नैक्स खाकर चिड़चिड़ा गए हैं और हर दिन उन्हें खाने के लिए कुछ नया चाहिए, तो ऐसे में आपको उनके लिए एक बार जरूर मैगी स्प्रिंग रोल तैयार करना चाहिए. यह एक ऐसी डिश है जिसे देखते ही बच्चों के चेहरे पर मुस्कुराहट आ जाती है. इस डिश को तैयार करने के लिए बच्चों की ही दो सबसे ज्यादा पसंदीदा चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. पहला है मैगी और दूसरा स्प्रिंग रोल. ये दोनों ही चीजें जब एक साथ मिल जाती हैं तो इनका स्वाद और भी जबरदस्त लगने लगता है. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट ये रोल्स सिर्फ खाने में टेस्टी नहीं लगते हैं, ये मिनटों में बनाकर सर्व करने के लिए तैयार हो जाते हैं. चाहे शाम की भूख मिटानी हो या फिर टिफिन में डालकर भेजना हो, मैगी स्प्रिंग रोल की यह रेसिपी हर मौके पर बेस्ट साबित होती है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान रेसिपी.

मैगी स्प्रिंग रोल बनाने के लिए जरूरी सामग्री
    1 पैकेट मैगी
    6 से 7 स्प्रिंग रोल शीट
    1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
    1 छोटा गाजर कद्दूकस किया हुआ
    1 छोटी शिमला मिर्च बारीक कटी हुई
    1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
    1 चम्मच टोमैटो सॉस
    1 चम्मच चिली सॉस
    आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर
    नमक स्वादानुसार
    2 चम्मच तेल
    रोल सील करने के लिए थोड़ा मैदा और पानी
    तलने के लिए तेल

मैगी स्प्रिंग रोल बनाने की रेसिपी
मैगी स्प्रिंग रोल बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसके बाद इसमें प्याज डालकर हल्का भून लें और फिर गाजर, शिमला मिर्च और हरी मिर्च डालकर 2 मिनट तक पकाएं. इसके बाद थोड़ा पानी डालकर मैगी तैयार करें और उसमें उसका मसाला डाल दें.
अब इसमें टोमैटो सॉस, चिली सॉस और काली मिर्च डालकर अच्छे से मिक्स करें. इस बात का ख्याल रखें कि मैगी ज्यादा पतली न हो, क्योंकि थोड़ी सूखी स्टफिंग से रोल ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं. इसके बाद तैयार मिश्रण को ठंडा होने दें.
अब एक कटोरी में मैदा और पानी मिलाकर पतला पेस्ट बना लें. इसके बाद स्प्रिंग रोल शीट लें और उसके बीच में मैगी की स्टफिंग रखें. इसके बाद किनारों को अंदर की तरफ मोड़ें. इसके बाद रोल को टाइट तरीके से रोल कर दें. लास्ट में मैदे का पेस्ट लगाकर रोल को अच्छी तरह सील कर दें और इसी तरह एक-एक करके सारे रोल तैयार कर लें.
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब रोल्स को मीडियम आंच पर गोल्डन और क्रिस्पी होने तक तलें. अगर आप हेल्दी ऑप्शन चाहते हैं, तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी बना सकते हैं.
मैगी स्प्रिंग रोल को टोमैटो सॉस या मायोनीज के साथ गर्मागर्म सर्व करें और इसे पूरे परिवार के साथ शाम के नाश्ते में एन्जॉय करें.

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button