
चंदौली/संभल/आगरा/अयोध्या
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में मुस्लिम समुदाय के अकीदतमंदों ने ईदगाहों और मस्जिदों के भीतर बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की. राज्य सरकार की सख्त गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और भारी बल के साथ मुस्तैद रहे. चंदौली, अयोध्या, हापुड़, संभल, औरैया, कौशांबी, गाजीपुर, फिरोजाबाद, सुल्तानपुर, सहारनपुर और आगरा में तैनात मजिस्ट्रेटों की निगरानी में खुले में कुर्बानी और सड़कों पर नमाज को पूरी तरह रोका गया. नमाजियों ने मुल्क में भाईचारे, तरक्की और खुशहाली की सामूहिक दुआएं मांगीं और सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक-दूसरे को गले लगाकर त्योहार की मुबारकबाद दी।
चंदौली में ड्रोन कैमरों से नजर और गाइडलाइन का पालन
चंदौली में बकरीद का त्योहार बेहद हर्षोल्लास और शांति के साथ संपन्न हुआ. सुबह होते ही लोग ईदगाह और मस्जिदों की तरफ बढ़े और नमाज अदा की. जिले में तकरीबन 280 से अधिक चिन्हित स्थानों पर नमाज का आयोजन किया गया था. इमाम और नमाजियों ने बताया कि सरकार द्वारा जारी सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया गया. चंदौली के एसपी आकाश पटेल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी ईदगाहों पर भारी फोर्स तैनात की गई थी और संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन कैमरों से पैनी नजर रखी गई थी।
रामनगरी अयोध्या में शांतिपूर्ण माहौल और आला अफसरों की मौजूदगी
रामनगरी अयोध्या में भी बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. शहर के सिविल लाइन स्थित मुख्य ईदगाह में बड़ी संख्या में पहुंचे नमाजियों ने अकीदत के साथ सजदा किया. शासन के सख्त निर्देशों के कारण नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाह परिसर के भीतर ही संपन्न कराई गई. सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर स्वयं सुबह से मौके पर डटे रहे. नगर निगम की तरफ से ईदगाह परिसर में विशेष साफ-सफाई और पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी।
हापुड़ में अलर्ट मोड पर पुलिस और 57 मस्जिदों में नमाज
हापुड़ जिले में बकरीद की नमाज को लेकर सुबह से ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया. शहर के मुख्य ईदगाह सहित करीब 57 मस्जिदों में अलग-अलग निर्धारित समय पर अकीदतमंदों ने नमाज अदा की और देश में खुशहाली की मन्नतें मांगीं. पूरे क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. सुरक्षा चक्र को मजबूत बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी कविता मीणा और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह खुद अपनी टीम के साथ मौके पर मुस्तैद दिखाई दिए।
फर्रुखाबाद में भाईचारे की मिसाल और अफसरों का गश्त
फर्रुखाबाद में भी बकरीद का पावन त्योहार अमन, चैन और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ संपन्न हो गया. जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों को मिलाकर कुल 229 स्थानों पर सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ जुटने लगी थी. सभी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर देश की तरक्की और समृद्धि के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं. जिले के आला प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे. अधिकारियों ने नमाजियों को त्योहार की बधाई दी और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
संभल में इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से निगरानी और जोनल व्यवस्था
संभल जिले में बकरा ईद की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए कड़े प्रशासनिक प्रबंध देखने को मिले. पूरे जिले को 5 जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया गया था, जहां प्रत्येक सेक्टर में पुलिस के साथ मजिस्ट्रेट तैनात रहे. जिले के कुल 828 स्थलों पर नमाज शांतिपूर्ण ढंग से हुई और 14 निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी की गई. तीन कंपनी पीएसी और आरआरएफ की तैनाती के साथ-साथ, ढाई सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से संवेदनशील मिश्रित आबादी वाले इलाकों की निगरानी की गई।
संभल में सोशल मीडिया पर नजर और अधिकारियों की मुस्तैदी
संभल के डीएम अंकित खंडेलवाल और एसपी केके बिश्नोई के अलावा एएसपी, सीओ और एसडीएम सुबह से ही क्षेत्र में गश्त पर रहे. प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि सड़कों पर नमाज न हो और खुले में कुर्बानी न दी जाए. इसके अलावा, शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम इंटरनेट पर कुर्बानी के वीडियो या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर पैनी नजर रख रही थी. खुफिया विभाग को भी पूरी तरह सक्रिय रखा गया ताकि किसी भी तरह के अफवाह को तुरंत रोका जा सके।
औरैया में हजरत बाबा शाह जमाल शाह ईदगाह पर उमड़ी भीड़
औरैया जिले में ईद उल अजहा का पर्व पूरे श्रद्धा भाव और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही शहर काजी अब्दुल समद मियां चिश्ती की इमामत में हजरत बाबा शाह जमाल शाह स्थित मुख्य ईदगाह में हजारों की तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने पहुंचे. नमाज मुकम्मल होने के बाद मुल्क में अमन और खुशहाली की दुआएं मांगी गईं और लोगों ने गले मिलकर मुबारकबाद दी. जिला और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के चलते ईदगाह और उसके आसपास के सभी इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।
कौशांबी में चार सुपर जोन और संवेनशील क्षेत्रों पर पहरा
यूपी के कौशाम्बी जिले में भी बकरीद का त्योहार भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच मनाया गया. जिले की 84 ईदगाहों और 282 मस्जिदों में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की. जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे जिले को 4 सुपर जोन और 39 सेक्टरों में बांट रखा था. इन सभी सेक्टरों में भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी. संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे पूरा त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया।
गाजीपुर में 550 स्थानों पर नमाज और बच्चों को मिली टॉफी
गाज़ीपुर जनपद में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की मौजूदगी में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. जिलाधिकारी के अनुसार, जनपद की लगभग 350 मस्जिदों और 150 ईदगाहों समेत कुल 550 स्थानों पर नमाज अदा की गई. शहर के विशेश्वरगंज स्थित मुख्य ईदगाह पर पहुंचे दोनों आला अधिकारियों ने नमाजियों को त्योहार की बधाई दी और नमाजी बच्चों के बीच टॉफियां बांटीं. शासन के निर्देशों के क्रम में जिले में कहीं भी सड़कों पर नमाज नहीं हुई और न ही खुले में कुर्बानी दी गई.
फिरोजाबाद में राजनीतिक दलों ने लगाए टेंट, अफसरों ने संभाली कमान
कांच नगरी फिरोजाबाद में गुरुवार को बकरीद का पर्व पारंपरिक सौहार्द के साथ मनाया गया. शहर के गांधी पार्क स्थित मुख्य ईदगाह सहित जिले के करीब 300 स्थानों पर नमाज अदा की गई. सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर मौजूद रहे. इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नमाजियों के स्वागत के लिए टेंट भी लगाए गए थे. पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने स्पष्ट किया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार सड़कों पर नमाज पूरी तरह प्रतिबंधित रही और पुख्ता इंतजाम रहे।
आगरा में ताजमहल की शाही मस्जिद में रौनक और पर्यटकों को छूट
आगरा में दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल के भीतर स्थित शाही मस्जिद में बकरीद की खास रौनक दिखाई दी. सुबह-सुबह सैकड़ों नमाजियों ने ऐतिहासिक परिसर में नमाज अदा कर मुल्क के लिए दुआएं मांगीं. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और सीआईएसएफ के जवान तैनात रहे, जबकि सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई. इस खास मौके पर सुबह 7 बजे से 10 बजे तक देशी और विदेशी पर्यटकों को ताजमहल में फ्री एंट्री की विशेष सुविधा दी गई, जिसका सैलानियों ने भरपूर लाभ उठाया।
सहारनपुर और सुल्तानपुर में मजिस्ट्रेटों के पहरे में मुकम्मल हुई नमाज
सहारनपुर में डीआईजी अभिषेक सिंह सहित तमाम आला अधिकारियों ने ईदगाहों का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी. वहीं सुल्तानपुर में शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने के लिए लगभग 123 मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई थी।






