
रायपुर। जिले के बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से 11 मई से 21 दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में 22 विभिन्न खेल विधाओं में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार शिविर की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, रायपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे ने खेल संघों एवं प्रशिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में शिविर के सफल संचालन, खिलाड़ियों की सुविधा, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा विभिन्न खेल गतिविधियों के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई। एडीएम श्री बंदे ने कहा कि शिविर के माध्यम से बच्चों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा तथा उनकी खेल प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न खेलों के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस अभ्यास और खेल कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिले के खेल प्रेमियों और युवाओं में इस शिविर को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।






