
धर्मशाला
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 55वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। ये मुकाबला धर्मशाला में होगा, इस संस्करण यहां पहला मैच खेला जाएगा। PBKS ने अब तक 10 मैच खेले हैं। 6 मुकाबलों में उसे जीत और 3 मैच में हार मिली है। DC ने 11 मैच खेले हैं। 4 में उसे जीत और 7 मुकाबलों में हार मिली है। ऐसे में आइए मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।
दोनों टीमों के बीच है कांटे की टक्कर
IPL में दोनों टीमों के बीच 36 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान DC को 17 मैच में जीत मिली है। PBKS ने 18 मैच अपने नाम किए हैं। एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। इस संस्करण दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मैच होगा। पहले मुकाबले में PBKS को 6 विकेट से जीत मिली थी। IPL 2025 में पहला मैच DC ने 6 विकेट से जीता था। दूसरे मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।
इस संयोजन के साथ उतर सकती है PBKS
PBKS को पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 33 रन से हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में टीम की फील्डिंग और गेंदबाजी बेहद खराब रही थी। ऐसे में टीम उस मुकाबले को भूलाकर बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है DC
DC को अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। टीम के बल्लेबाज पिछले 2 मैच में कुछ खास नहीं कर पाए हैं। ऐसे में केएल राहुल और नितीश राणा जैसे बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क बेहतर करना चाहेंगे। संभावित एकादश: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी और मुकेश कुमार।
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
DC: करुण नायर, कुलदीप यादव, टी नटराजन, अभिषेक पोरेल और डेविड मिलर। PBKS: प्रियंश आर्य, हरप्रीत बरार, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद और मुशीर खान।
कैसा रहता है धर्मशाला की पिच का मिजाज?
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की पिच हरियाणा के भिवानी से मंगवाई गई काली मिट्टी से तैयार की गई है। इस मिट्टी में बालू की मात्रा न के बराबर होती है। इसके चलते पिचों पर गति और उछाल दोनों मिलता है। यहां आमतौर पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, लेकिन समय निकलने के साथ स्पिनर्स भी जलवा दिखा सकते हैं। इसी तरह तेजी और अच्छा उछाल होने से टिकने के बाद बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट्स खेल सकते हैं।
ऐसा रहेगा धर्मशाला का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 11 मई को धर्मशाला का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 50 प्रतिशत संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
PBKS के लिए कॉनॉली ने पिछले 10 मैचों में 171.36 की स्ट्राइक रेट से 377 रन बनाए हैं। प्रभसिमरन के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 364 रन निकले हैं। DC के लिए राहुल ने पिछले 10 मैच में 180.69 की स्ट्राइक रेट से 468 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में अर्शदीप ने पिछले 10 मैच में 10.42 की इकॉनमी से 11 विकेट लिए हैं। DC से अक्षर ने पिछले 10 मैचों में 8.3 की इकॉनमी से 9 विकेट चटकाए हैं।
कब और कहां देखें मुकाबला?
PBKS और DC के बीच यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।






