खेल

साल्टलेक स्टेडियम विवाद पर आयोजक का सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान

 कोलकाता

 कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोन मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुए कुप्रबंधन मामले में मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता ने बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिश्वास के विरुद्ध 100 करोड़ रुपये के मानहानि मुकदमे की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।

हजारों फैंस भड़क गए थे
मेसी अपनी इंटर मियामी टीम के सदस्यों लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पाल के साथ पिछले साल दिसंबर में भारत दौरे पर आए थे। पहले चरण में वह कोलकाता पहुंचे थे। साल्टलेक स्टेडियम में उनका कार्यक्रम था, लेकिन कुप्रबंधन के कारण उन्हें महज 25 मिनट के भीतर स्टेडियम से बाहर निकालना पड़ा, जिससे वहां मौजूद हजारों प्रशंसक भड़क गए थे और हंगामा मचाना शुरू कर दिया था।

शतद्रु को गिरफ्तार किया गया था
मामले में शतद्रु को मेसी को हैदराबाद ले जाते वक्त कोलकाता एयरपोर्ट पर चार्टर्ड प्लेन से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने 39 दिन हिरासत में बिताए थे। इस घटना को लेकर अरूप बिश्वास की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई थी क्योंकि ग्राउंड पर वीआईपी की भीड़ के कारण आम दर्शकों को मेसी की झलक नहीं मिल पाई थी।
यह वीडियो भी देखें

टालीगंज सीट से पराजित हुए अरूप
अरूप विधानसभा चुनाव में टालीगंज सीट से पराजित हुए हैं। शतद्रु ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करके कहा-'सिर्फ चुनाव हारने से यह मत समझिए कि आपको सजा मिल गई है। मैं मानहानि का मामला करूंगा और जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा। मैंने बार-बार अरूप बिश्वास को कार्यक्रम स्थल पर फोटो खिंचवाने से मना किया था लेकिन उन्होंने अपने पद का इस्तेमाल कर नियमों की अनदेखी की। मेरी पीड़ा किसी ने नहीं सुनी, पुलिस भी खामोश रही। मेसी को लाने में मेरी तीन साल की मेहनत बर्बाद कर दी गई। मेरी टीम पर दबाव बनाकर ग्राउंड एक्सेस कार्ड जारी करवाए गए और मना करने पर धमकाया गया।'

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button