फिल्म जगत

वेटरन एक्टर पेंटल का वीडियो वायरल, बोले– “मैं एक्टर नहीं, मेरे फॉलोअर्स नहीं हैं”

बॉलीवुड में कई एक्टर्स ऐसे रहे जिन्होंने अपने काम से लोगों के दिलों में जगह बनाई है. मशहूर एक्टर कंवरजीत पेंटल उर्फ पेंटल भी इंडस्ट्री में ऐसे एक्टर रहे, जिन्होंने कॉमेडी के जरिए 70 के दशक में काफी नाम कमाया. बड़ी-बड़ी फिल्मों में छोटे रोल्स करके उन्हें पहचान मिली. सालों बाद वो टीवी में भी आए और वहां भी छा गए.

पेंटल इन दिनों अनुपमा शो में भी नजर आ रहे हैं. इसी बीच उनका एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वो खुद को एक नॉन-एक्टर कह रहे हैं. इसे एक्टर मनमीत सिंह ने शूट करके अपने इंस्टाग्राम पर डाला था. पेंटल का ये वीडियो देखकर कई लोगों को दुख पहुंचा है.

क्यों खुद को नॉन-एक्टर मानते हैं पेंटल?
वीडियो में पेंटल से मनमीत सिंह पूछते हैं कि क्या वो एक्टर हैं? तो पेंटल जवाब में कहते हैं- नहीं, मैं एक्टर नहीं हूं. जब मनमीत उनसे पूछते हैं कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा, जबकि वो तो कई फिल्मों में दिखाई दे चुके हैं? तब पेंटल ने कहा, 'इंस्टाग्राम पर मेरे फॉलोअर्स नहीं हैं. इसलिए मैं एक्टर नहीं हूं.'

आगे मनमीत सिंह पेंटल से पूछते हैं कि जिसके इंस्टा पर फॉलोअर्स नहीं होते, तो क्या वो एक्टर नहीं है? तो वेटरन एक्टर का जवाब होता है, 'बिल्कुल नहीं.' उन्होंने आगे सभी से कहा कि एक्टिंग करने की कोई जरूरत नहीं है, आप बस अपने फॉलोअर्स बढ़ाएं. पेंटल और मनमीत सिंह का ये वीडियो दो साल पुराना है.

कंवरजीत पेंटल के इस वीडियो को देख सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा साफ दिखा है. एक यूजर ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को फटकार लगाई है, जो आजकल फॉलोअर्स के दम पर एक्टर्स को कास्ट करते हैं. वहीं, कई लोगों ने पेंटल की ईमानदारी को सराहा है. पेंटल ने बॉलीवुड की तमाम बड़ी फिल्में जैसे बावर्ची, सत्ते पे सत्ता, आज की ताजा खबर, रफू चक्कर, और सदमा में यादगार रोल्स किए हैं.

इसके अलावा वो महाभारत सीरियल में सुदामा और शिखंडी के रोल में भी नजर आ चुके हैं. वो 50 सालों से बॉलीवुड इंडस्ट्री में हैं और करीब 350 से ज्यादा फिल्में और करीब 20 टीवी शोज में नजर आ चुके हैं.

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button