खेल

एमपीसीए का बड़ा कदम: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुकी मध्य प्रदेश की पूर्व महिला क्रिकेटरों को मिलेगा पेंशन

इंदौर 

मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी महिला क्रिकेटरों को पेंशन देने का फैसला लिया है। उन्हें साढ़े 12 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। यदि घरेलू मैच खेले हैं तो कम से कम छह हजार रुपये पेंशन प्राप्त होगी। 

यह फैसला एमपीसीए की प्रबंध समिति की बैठक में अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने लिया। बैठक में पूर्व महिला खिलाड़ियों को मासिक वित्तीय सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मंजूरी दे दी गई। संघ के मानद सचिव सुधीर असनानी ने कहा कि पेंशन की राशि प्रति माह 6,000 रुपये से 12,500 रुपये तक होगी। जिन महिला खिलाड़ियों को बीसीसीआई  की तरफ से पेंशन नहीं मिल रही है, वे ही इस योजना के लिए पात्र होंगी। 75 वर्ष की उम्र पूरी होने पर साढ़े सात हजार रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाएगी।

इस योजना के लिए जल्द ही आवेदन मंगाए जाएंगे। नौकरी करने वाली महिला खिलाड़ियों को सेवानिवृत्त होने के बाद एमपीसीए की पेंशन मिलेगी। घरेलू क्रिकेट खेलने वाली महिला खिलाडि़यों को उनके द्वारा खेले गए मैचों की संख्या के आधार पर पेंशन दी जाएगी।  वर्ष 2006 से पहले मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी भी इस पेंशन की पात्र होगी, क्योकि बीसीसीआई ने महिला क्रिकेट को एडाॅप्ट किया था। इसके अलावा अंपायर और स्कोरर के मानदेय में भी इजाफा करने का फैसला लिया गया है।
एमपी की टीम के कोच चंद्रकांत पंडित को अगले दो साल के लिए मध्य प्रदेश का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया गया है। यह फैसला भी बैठक में लिया गया है। एमपीसीए जिला व संभाग स्तर के क्रिकेटरों को भी आगे बढ़ने के बेहतर मौके देगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button