देश

एयरपोर्ट पर महिला से बरामद हुआ 83 लाख का सोना, कैप्सूल में छिपाकर लाया था

अहमदाबाद

कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) की एक टीम ने अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेश से सोने की तस्करी कर रही एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया और 83.29 लाख रुपये का सोना जब्त किया. कुआलालंपुर से फ्लाइट नंबर AK-91 से अहमदाबाद पहुंची इस महिला ने कस्टम अधिकारियों की नजरों से बचने के लिए अपने गुप्तांग में काले टेप में लिपटी दो अंडाकार कैप्सूल छिपा रखी थीं, जिनमें सोने का तरल रासायनिक पेस्ट मिला। 

कस्टम एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) को मिली विशिष्ट सूचना और एपीआईएस प्रोफाइलिंग के आधार पर फ्लाइट नंबर AK-91 से कुआलालंपुर से अहमदाबाद पहुंची तब महिला पर नजर रखी गई. टर्मिनल-2 पर उतरने के बाद जब महिला ग्रीन चैनल से बाहर निकलने वाली थी, तभी अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की. शुरुआती पूछताछ में महिला ने संतोषजनक जवाब नहीं दिए और उससे गहन पूछताछ की गई। 

काले टेप में लिपटी दो अंडाकार कैप्सूल बरामद हुई
जिसमें जांच के दौरान महिला के गुप्तांग से काले टेप में लिपटी दो अंडाकार कैप्सूल बरामद हुई. इन कैप्सूलों में तरल रसायनों के साथ मिश्रित सोने का पेस्ट भरा हुआ था, जिसका कुल वजन 643.28 ग्राम था. इसके बाद विशेषज्ञों की उपस्थिति में शुद्धिकरण प्रक्रिया की गई और इनसे 999.0 शुद्धता का 553.07 ग्राम (24 कैरेट) सोना प्राप्त किया गया. जब्त किए गए सोने का बाजार मूल्य 83,29,234 रुपये और कर मूल्य 75,58,393 रुपये आंका गया है। 

यात्री ने सीमा शुल्क विभाग को सूचित किए बिना और शुल्क से बचने के इरादे से अपने शरीर में सोना छिपाकर तस्करी करने का प्रयास किया था, इसलिए सोना जब्त कर लिया गया है और महिला को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है. वर्तमान में यह पता लगाने के लिए आगे की जांच तेज कर दी गई है, कि क्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तस्करी के पीछे कोई अन्य गिरोह भी काम कर रहा है। 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button