खेल

राजस्थान रॉयल्स का बड़ा फैसला: आखिर क्यों छुपाए जा रहे हैं वैभव सूर्यवंशी?

नई दिल्ली
आईपीएल 2026 में फैंस से लेकर दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स की भी वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर खास नजर रहने वाली है। इस बीच राजस्थान रॉयल्स को ये आशंका सता रही है कि मीडिया की चकाचौंध से ये वंडर बॉय अपना फोकस खो सकता है लिहाजा टीम उन्हें इससे बचाने की हर मुमकिन कोशिश करेगी।

राजस्थान रॉयल्स के लिए इस आईपीएल सीजन में युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी और विस्फोटक बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करेंगे। पिछले साल आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाने के बाद 14 वर्ष के सूर्यवंशी दुनियाभर में एक क्रिकेट सनसनी के तौर पर उभरे थे। तब से वह लगातार अपनी विध्वंसक बल्लेबाजी के लिए सुर्खियां बटोरते रहे हैं। आईपीएल 2026 में फैंस से लेकर दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स की भी उनके प्रदर्शन पर खास नजर रहने वाली है। इस बीच राजस्थान रॉयल्स को ये आशंका सता रही है कि मीडिया की चकाचौंध से ये वंडर बॉय अपना फोकस खो सकता है लिहाजा टीम उन्हें इससे बचाने की हर मुमकिन कोशिश करेगी।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग इस विध्वंसक बल्लेबाज को जितना संभव हो सके मीडिया की चकाचौंध से बचाना चाहते हैं। आईपीएल 2026 में आरआर अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले मैच से करेगी। इस मैच में सबकी निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली है जो अगले हफ्ते 15 वर्ष के होने जा रहे हैं।

कप्तान रियान पराग ने कहा है कि वह वैभव सूर्यवंशी को मीडिया से दूर रखने की कोशिश करेंगे और उसे अपने नेचुरल खेल पर फोकस करने देंगे। उन्होंने कहा, 'एक कप्तान के तौर पर मैं उससे कहूंगा कि वह बहुत ज्यादा प्रेस कॉन्फ्रेस न करे, मीडिया से ज्यादा बातचीत न करे, सिर्फ लुत्फ उठाए।' राजस्थान रॉयल्स की पहचान बन चुके संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हैं। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल आरआर के लिए ओपनिंग कर सकते हैं।

इसे लेकर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, 'इस साल बहुत हाइप होगा और प्रेशर भी जो स्वाभाविक है, लेकिन एक कप्तान के तौर पर मैं उसे (वैभव सूर्यवंशी) से कहूंगा कि वह यशस्वी जायसवाल को प्रेशर लेने दे। जायसवाल दबाव को झेलने में ज्यादा सक्षम हैं। वैभव की भूमिका बस यही रहेगी कि जाओ और हिट करो, कोई फिक्र मत करो।'

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सीजन में 206 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। हाल ही में उन्होंने कहा था कि उनकी निगाह आईपीएल इतिहास में क्रिस गेल की 175 रन की सबसे बड़ी पारी के रिकॉर्ड को तोड़ने पर है।

आईपीएल 2025 में संजू सैमसन के चोटिल होने के बाद वैभव सूर्यवंशी को इस लीग में लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ डेब्यू का मौका मिला था और उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था। बाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक अन्य मैच में सूर्यवंशी ने महज 35 गेंदों में शतक जड़ा था। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज और किसी भारतीय बल्लेबाज का अब तक का सबसे तेज शतक है। इस तरह वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए।

आईपीएल 2025 की सफलता के बाद वैभव सूर्यवंशी पीछे मुड़कर नहीं देखे और जिन भी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया, अपनी विध्वंसक बल्लेबाजी से विरोधी टीमों के होश उड़ा दिए।

इस साल जिम्बाब्वे और नामीबिया में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने में वैभव सूर्यवंशी की खास भूमिका रही। इंग्लैंड-अंडर 19 के खिलाफ फाइनल में सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रनों की धुरंधर पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 30 छक्के जड़े।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button