
नालंदा
बिहार के नालंदा जिले में होली मिलन समारोह के दौरान हिंसक झड़प हो गई। यहां आयोजित इस कार्यक्रम में उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों और आयोजकों के बीच विवाद के बाद ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं।
जानकारी के अनुसार, घटना बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव स्थित एक वाटर पार्क की है। रविवार को आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भोजपुरी गायक रौशन रोही को परफॉर्म करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरजेडी नेता यासिर इमाम अपने बाउंसरों के साथ पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच बहस हुई, जो पल भर में पथराव और फायरिंग में बदल गई। इस हिंसक झड़प में एक न्यूज चैनल के पत्रकार समेत तीन लोग जख्मी हो गए हैं। घायल युवक को गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया है। आक्रोशित भीड़ ने कार्यक्रम स्थल पर खड़ी आधा दर्जन लग्जरी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मौके से हथियार बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाटर पार्क को चारों तरफ से घेर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार अत्याधुनिक हथियार और दो दर्जन से अधिक कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह अवैध था। न तो स्थानीय थाने को इसकी कोई सूचना दी गई थी और न ही जिला प्रशासन से इसके लिए अनुमति ली गई थी।
भोजपुरी गायक रौशन रोही समेत कई हिरासत में
पुलिस ने भोजपुरी गायक रौशन रोही और कार्यक्रम के आयोजक समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।






