Breaking Newsबिहार

सनकी पति ने पत्नी की हत्या कर खुद को भी मारी गोली

सासाराम,

बिहार के रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र में दिल दहलाने वाली घटना प्रकाश में आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यह पूरा मामला सारांव गांव का है जहां पति और पत्नी के विवाद में पति सुगंध कुमार ने अपनी पत्नी पूनम देवी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली है। पूनम की मौके पर ही मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल सुगंध को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दंपति के तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।

बिक्रमगंज के एसडीपीओ कुमार संजय ने बताया कि पुलिस ने पूनम के शव को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से हथियार बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूनम और सुगंध की शादी 12 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से सुगंध अपनी पत्नी को उनके मायके जाने से रोकता था। इसी को लेकर अक्सर पति-पत्नी में विवाद होता था।

जानकारी के मुताबिक, एक-दो दिन पहले ही पूनम एक रिश्तेदार के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटी थी, जिसके बाद फिर से विवाद हुआ था। बुधवार को हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी को गोली मार दी। एसडीपीओ कुमार संजय ने बताया कि घटना के पीछे प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद का मामला ही सामने आया है। वैसे, पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है। घायल सुगंध को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button