बिहार

मधेपुरा में महिला के सिर और पीठ में चार गोली मार कर हत्या, इलाके में दहशत

पटना

मधेपुरा में शुक्रवार की रात दरवाजे पर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने महिला के सिर और पीठ में चार गोली मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना घैलाढ प्रखंड के परमानंदपुर थाना क्षेत्र के बलुआहा वार्ड सात की है। मृतका की पहचान उपेंद्र चौपाल उर्फ बेचन चौपाल की पत्नी तेतरी देवी (55) के रूप में हुई है। मृतका के पति के अनुसार, घटना रात करीब 12.30 बजे की है। महिला अपने घर के दरवाजे पर सोई हुई थी।

वारदात से पहले बाहर गए थे पति
मृतका के पति उपेंद्र चौपाल ने बताया कि घटना के समय वह शौच के लिए बाहर गए थे। इसी बीच तीन अज्ञात अपराधी घर के पास पहुंचे और सोई हुई तेतरी देवी को गोली मार दी। गोली सिर और पीठ पर लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर उन्होंने शोर मचाया, लेकिन अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर परमानंदपुर थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया जा रहा है।

Related Articles

पति से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए गहराई से जांच की जा रही है। मृतका के पति समेत अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इस हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए लगातार छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button