Breaking Newsबिहार

हेमंत सरकार जुटी 12 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों में

दुमका

झारखंड सरकार इस वर्ष 12 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारी में जुट गयी है। राज्य के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की अध्यक्षता में बीते शुक्रवार को यहां राजकीय श्रावणी मेला, 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की गयी।

दुमका जिले के बासुकीनाथ मंदिर स्थित सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त के साथ जिले वरीय पदाधिकारी भी शामिल हुए। मंत्री ने इस राजकीय श्रावणी मेला के दौरान किये जाने वाले कार्यों के संबंध में विभिन्न विभागों से जानकारी प्राप्त की और सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर उन्हें अविलंब अवगत कराएं जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष भी श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से इस वर्ष भी राजकीय श्रावणी मेला 2025 का आयोजन बेहतर होगी, जिससे लाखों की तादाद में यहां आने वाले श्रद्धालु एक बेहतर अनुभूति के साथ वापस जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति बासुकीनाथ में की जायेगी।

मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को 5 जुलाई तक सभी कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि 11 जुलाई को किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहे इसे सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि बाबा की सेवा भक्तों की सेवा में निहित है। उन्होंने अधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि वे बाबा के भक्तों की सेवा कर लें। बाबा की पूजा का फल प्राप्त हो जाएगा। बैठक में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने पीपीटी के माध्यम से बासुकीनाथ में राजकीय श्रावणी मेला 2025 के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गयी व्यवस्था, विधि व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया। इससे पहले मंत्री ने रूट लाइन का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने उन्हें रूट लाइन की व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश एवं निकास, शिवगंगा में सुरक्षा के दृष्टिकोण से की जाने वाली व्यवस्थाओं से अवगत कराया। बैठक में पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार के साथ विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button