Breaking Newsबिहार

बिहार की राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 12 अधिकारियों का किया स्थानांतरण

पटना
राज्य सरकार ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के 12 अधिकारियों का स्थानांतरण  किया है। इनमें से आठ को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। ये जिले हैं- जहानाबाद, भोजपुर, समस्तीपुर, कैमूर, बेगूसराय, बक्सर, सुपौल एवं मधेपुरा। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, भागलपुर की नगर आयुक्त डॉ. प्रीति को जहानाबाद का उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।

डॉ. अनुपमा की जगह गुंजन सिंह को भेजा गया भोजपुर
डॉ. अनुपमा सिंह स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात की गई हैं। वह भोजपुर की उप विकास आयुक्त थीं। उनकी जगह गुंजन सिंह को भोजपुर भेजा गया है। गुंजन स्वास्थ्य विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी थीं। बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी शुभम कुमार को भागलपुर का नगर आयुक्त बनाया गया है। फारिबसगंज की अनुमंडल पदाधिकारी शैलजा पांडेय को समस्तीपुर का उप विकास आयुक्त एवं जिला परिषद का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। शिवाक्षी दीक्षित मुंगेर के नगर आयुक्त के पद पर तैनात की गई हैं। वह रक्सौल की अनुमंडल पदाधिकारी थीं। डेहरी आन सोन के अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह को कैमूर का उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद बनाया गया है।

हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुमार को बेगूसराय एवं रोसड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी आकाश चौधरी को बक्सर का उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। शेरघाटी की अनुमंडल पदाधिकारी सारा अशरफ को सुपौल का उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। अनिल बसाक का मधेपुरा के उप विकास आयुक्त के पद पर तबादला किया गया है। वे बिक्रमगंज के अनुमंडलाधिकारी थे। लक्ष्मण तिवारी को छपरा सदर के अनुमंडल पदाधिकारी के पद से स्थानांतरित करते हुए बेतिया का नगर आयुक्त बनाया गया है।

भारतीय पुलिस सेवा के छह अधिकारी इधर से उधर
राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के छह अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। राजीव रंजन-1 को पुलिस अधीक्षक आर्थिक अपराध इकाई से इसी पद पर राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो में भेज दिया गया है। राकेश कुमार सिन्हा को लोकायुक्त कार्यालय से स्थानांतरित करते हुए पुलिस अधीक्षक निगरानी बना दिया गया है। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के आरक्षी अधीक्षक पंकज कुमार को इसी पद पर आर्थिक अपराध इकाई में भेज दिया गया है। बीएमपी-16 के समादेष्टा अनंत कुमार राय को सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात के पद पर तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा मनीष कुमार सिन्हा को बिहार विशेष सुरक्षा दल, बिहार का समादेष्टा बनाया गया है। वे पुलिस अधीक्षक सुरक्षा के पद के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। विशेष सुरक्षा दल बिहार के समादेष्टा राजेश कुमार को बीएमपी 16 का समादेष्टा बनाया गया है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button