बिहार

पुलिस ने तीन नक्सलियों को किया गिरफ्तार, पिस्तौल-रिवॉल्वर समेत कई हथियार जब्त

चतरा

झारखंड के चतरा जिले में तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों की पहचान 25 वर्षीय विकास कुमार यादव, गुड्डु यादव और 19 वर्षीय तस्लीम अंसारी के तौर पर की गई है। तीनों को प्रतापपुर थाना क्षेत्र में दुलकी नदी के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों नक्सली तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) के सदस्य हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास पांडे ने कहा कि खुफिया जानकारी के जरिए तीनों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो देशी पिस्तौल, एक रिवॉल्वर और पांच जिंदा कारतूस जब्त किए गए।

एक सप्ताह पहले सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली हुए थे ढेर
एक सप्ताह पहले बोकारो में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। मुठभेड़ पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में तड़के हुई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया, जिसमें एके-47 और इंसास राइफल जैसे आधुनिक हथियार भी शामिल थे।

इससे पहले छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के एक संयुक्त दल ने मुठभेड़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के एक शीर्ष नेता सहित 20 नक्सलियों को मार गिराया था। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के दो जवान भी घायल हुए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मुठभेड़ को नक्सलवाद के लिए एक और बड़ा झटका करार देते हुए कहा था कि सुरक्षाबलों ने 'नक्सल मुक्त भारत' के निर्माण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। अधिकारियों ने बताया था कि हाल ही में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो महिला नक्सली मारी गईं थीं। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया था।

पिछले महीने एनआईए ने की थी झारखंड-छत्तीसगढ़ में छापेमारी
पिछले महीने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने झारखंड और छत्तीसगढ़ में नक्सली मामलों की जांच के तहत कई स्थानों पर छापेमारी की थी। एजेंसी की ओर से जारी बयान में बताया गया था कि टीमों ने झारखंड के गिरिडीह जिले में संदिग्धों और ओवर-ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) के घरों और अन्य जगहों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button