मध्यप्रदेश

प्रेमी संग भागी महिला ने कहा कि पति उससे झगड़ता है, वह प्रेमी के साथ ही रहेगी

शिवपुरी
 श्योपुर जिले के कराहल की एक महिला को मजदूरी करते-करते ठेकेदार से प्यार हो गया और उसने अपने ठेकेदार के साथ पूरी जिंदगी बिताने के लिए पति का घर छोड़ दिया। बुधवार को वह प्रेमी के साथ नोटरी मैरिज के लिए शिवपुरी कोर्ट पर पहुंची तभी महिला के मायके वालों ने उसे शादी से पहले ही दबोच लिया। मामला कोतवाली पहुंच गया, जहां दिन भर उसके स्वजन उसे मनाने का प्रयास करते रहे।

जानकारी के अनुसार कराहल निवासी रमेश जाटव की शादी दो साल पहले 21 वर्षीय सरोज जाटव से हुई थी। शादी के बाद घर में सब कुछ सामान्य रूप से चल रहा था। इसी क्रम में कुछ महीने पहले शिवपुरी के खौरघार के एक कारीगर चंदन जाटव ने कोई ठेका लिया, जहां सरोज भी मजदूरी करने के लिए जाती थी।

मजदूरी करते-करते सरोज और चंदन में दोस्ती हो गई और दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों से शादी करके जीवन भर साथ रहने का प्लान बना लिया। इसी के चलते 14 जून को सरोज ससुराल से भाग कर चंदन के साथ कहीं चली गई।

Related Articles

सरोज के पति ने कराहल थाने में सरोज की गुमशुदगी दर्ज कराई और इधर सरोज के मायके और ससुराल वाले उसकी तलाश में यहां से वहां भटकते रहे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दोनों लालमाटी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर साथ रह रहे हैं।

जब वह लोग सरोज और चंदन को तलाशते हुए वहां पहुंचे तो पता चला कि दोनों शादी करने के लिए कोर्ट पर गए हैं। इस पर सरोज के स्वजन भागे-भागे कोर्ट पर आए और उन्हें शादी करने पहले धर दबोचा।

वहां सरोज को समझाने का सिलसिला ऐसा चला कि हंगामे की स्थिति बन गई, जिस पर कोर्ट की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने कोतवाली पुलिस को बुलाकर सभी लोगों को कोतवाली थाने भिजवा दिया।

सरोज का कहना था कि रमेश उससे झगड़ा करता है इसलिए वह चंदन के साथ ही रहेगी। महिला को समझाने का सिलसिला दिन भर चलता रहा। पुलिस ने दोनों को कराहल पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button