बिहार

ईडी ने जमीन घोटाले में अंतु तिर्की को किया गिरफ्तार, एक साथ चार पर ऐक्शन

रांची

कथित जमीन घोटाले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पार्टी के सबसे बड़े नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस मामले में सबसे पहले गिरफ्तार किया गया था। वह करीब 75 दिनों से जेल में बंद हैं। ऐसे में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झामुमो नेता अंतु तिर्की समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने अंतु तिर्की, प्रियरंजन सहाय, रियल एस्टेट कारोबारी विपिन सिंह और इरशाद को अरेस्ट किया है। कल (मंगलवार) ईडी ने अफसर अली को गिरफ्तार किया था।

रेड के अगले दिन गिरफ्तारी
दरअसल, मंगलवार को ईडी ने झामुमो नेता अंतु तिर्की समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह रेड कथित जमीन घोटाला मामले में की गई थी। ईडी की टीम सुबह 7 बजे अंतु तिर्की के घर छापा मारने पहुंची। देर शाम उन्हें ईडी ऑफिस ले जाया गया। सभी जगहों पर छापेमारी के बाद ईडी को कई डिजिटल डिवाइस, जमीन के कागज और बैंक अकाउंट मिले। केंद्रीय जांच एजेंसी ने सब कुछ जब्त कर लिया है। बुधवार सुबह ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतु तिर्की, प्रियरंजन सहाय, विपिन सिंह और इरशाद को गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने छापेमारी का यह ऐक्शन सद्दाम से मिले इनपुट के बाद किया था।

एक साथ चार पर ऐक्शन
ईडी ने इस मामले में 31 जनवरी को हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था। उसके बाद भानु प्रताप को अरेस्ट किया गया। कुछ दिनों पहले केंद्रीय जांच एजेंसी ने मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार किया। एक दूसरे मामले में सद्दाम पहले से जेल में बंद है। ईडी ने सद्दाम पर हेमंत सोरेन के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप लगाया। सद्दाम से मिले इनपुट के बाद ईडी ने मंगलवार को रांची में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान रिम्स कर्मी अफसर अली को गिरफ्तार किया गया। रेड के बाद अब ईडी ने जमीन घोटाले में एक साथ चार लोगों पर ऐक्शन लेते हुए गिरफ्तार किया है। इसमें एक झामुमो के नेता भी शामिल हैं। इस ऐक्शन के बाद झामुमो की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। इस मामले में अब तक ईडी ने कुल 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button