उत्तर प्रदेश

झांसी के बड़ागांव में फंदे पर लटका मिला एक गर्भवती महिला का शव

झांसी

झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में सुबह एक गर्भवती महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

13 महीनों में झेले कई दुख
बड़ागांव निवासी बृजेंद्र उर्फ वीरू कुशवाहा की शादी 17 फरवरी 2023 को काजल के साथ हुई थी। मामा मुकेश कुमार ने बताया कि शादी में 12 लाख रुपये खर्च किए गए थे। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए काजल को परेशान करने लगे। तीन लाख रुपये की मांग को लेकर विवाद होता था। पंचायत से मामला शांत हुआ, लेकिन दोबारा से भांजी को परेशान किया जाने लगा।

होली के बाद मायके आई थी काजल
मामा ने बताया कि सात माह की गर्भवती काजल होली के बाद मायके आई थी। भाई का टीका करके उसी दिन ससुराल चली गई थी। बुधवार सुबह ससुराल से फोन आया कि काजल ने फांसी लगा ली। जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे में पंखे पर काजल का शव लटका था। उसके पैर पलंग पर रखे थे। पति, ससुर और जेठ मौके से नदारद थे।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मामा ने ससुरालियों पर भांजी को मारकर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतका ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों की तहरीर पर पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी, दादी सास और दादा ससुर के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button