बिहार

पहले चरण के चुनाव में हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) की अग्निपरीक्षा, आरजेडी के कुमार सर्वजीत से मुकाबला

पटना
पहले चरण के चुनाव में हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) की अग्निपरीक्षा है। पार्टी संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी गया संसदीय सीट से चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पार्टी के चारों विधायकों का क्षेत्र भी इन्हीं संसदीय सीटों के अंतर्गत आता है। हम विधायकों की चुनौती अपने-अपने क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवारों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री को जीत दिलाने की होगी। हम ने अपनी इकलौती सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को उम्मीदवार बनाया है। वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में उनके साथ भाजपा, जदयू और रालोमो खड़ा है। उन्हें महागठबंधन उम्मीदवार आरजेडी के कुमार सर्वजीत से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।

जीतन राम मांझी तीसरी बार किस्मत आजमाने मैदान में उतरे हैं। वर्ष 2019 के चुनाव में जीतन राम मांझी महागठबंधन उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे, दूसरे स्थान पर रहे थे। तब एनडीए प्रत्याशी जदयू के विजय कुमार मांझी को जीत हासिल हुई थी। विजय कुमार को 4,67,007 वोट मिले थे। वहीं, जीतन राम मांझी को 3,14,581 वोट मिले थे। विजय कुमार ने जीतन राम मांझी को 152426 वोट के अंतर से हराया था। इससे पहले वर्ष 2014 के चुनाव में जीतनराम मांझी जदयू उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे। तब जदयू ने एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ा था। उस वक्त जीतनराम तीसरे स्थान पर रहे थे। भाजपा के हरि मांझी चुनाव जीत थे। आरजेडी प्रत्याशी रामजी मांझी दूसरे स्थान पर रहे थे। देखना है तीसरी बार मांझी की नैया पार लगती है या नहीं?

सभी विधायकों का क्षेत्र इन्हीं संसदीय सीटों में
पहले चरण में चार सीटों पर चुनाव हो रहा है। इसमें औरंगाबाद संसदीय सीट के इमामगंज से पार्टी संरक्षक जीतनराम मांझी खुद विधायक हैं। इसी संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाले टिकारी विधानसभा से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार विधायक हैं। इसी तरह जमुई संसदीय सीट के सिकंदरा से प्रफुल्ल मांझी विधायक हैं। गया संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बाराचट्टी से ज्योति मांझी विधायक हैं।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button