देश

आज भूटान के प्रधानमंत्री टोबगे पांच दिवसीय यात्रा पर आएंगे भारत

नई दिल्ली,

 भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे 14-18 मार्च तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे। जनवरी 2024 में पदभार ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री टोबगे की यह पहली विदेश यात्रा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री टोबगे के साथ आने वाले प्रतिनिधिमंडल में विदेश मामलों और विदेश व्यापार मंत्री, ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन मंत्री, उद्योग, वाणिज्य एवं रोजगार मंत्री और भूटान की शाही सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरे में भूटान के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। विदेश मंत्री और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भूटान के प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री टोबगे मुंबई भी जाएंगे।

मंत्रालय के अनुसार भारत और भूटान के बीच सभी स्तरों पर विश्वास, सद्भावना और आपसी समझ पर आधारित मित्रता और सहयोग के अनुकरणीय संबंध हैं। भूटान के प्रधानमंत्री की यात्रा दोनों पक्षों को हमारी अनूठी साझेदारी में प्रगति की समीक्षा करने और भारत और भूटान के बीच मित्रता और सहयोग के स्थायी संबंधों का विस्तार करने के तरीकों और साधनों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगी।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button