मध्यप्रदेश

महाकाल की कार्तिक मास की पहली सवारी आज, मनमहेश स्वरूप में होंगे दर्शन, किया जाएगा तीर्थ पूजन

उज्जैन

 विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की सावन और भादो में निकलने वाली सवारी का काफी महत्व माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा को निहारने के लिए उज्जैन पहुंचते हैं। उज्जैन वासियों में भी इस समय अच्छा खासा उत्साह देखने को मिलता है। सावन और भादो के अलावा कार्तिक में भी बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलते हैं। आज कार्तिक अगहन मास की बाबा की पहली सवारी निकाली जाएगी।

एक बार फिर अपने राजा स्वरूप में चांदी की पालकी में सवार होकर अवंतिकानाथ तीर्थ पूजन के लिए मोक्षदायिनी शिप्रा के घाट पहुंचेंगे और शहर के विभिन्न मार्गो से होती हुए सवारी पुनः मंदिर पहुंचेगी। शाम 4 बजे सवारी का ही सिलसिला शाही ठाठबाट के साथ शुरू होगा।

Related Articles

कार्तिक-अगहन की 5 सवारी

इस बार कार्तिक-अगहन मास में बाबा महाकाल की पांच सवारी निकलेगी। 25 नवंबर को हरिहर मिलन है और इस दिन हर सृष्टि का भार एक बार फिर हरि को सौंपने के लिए पहुंचेंगे। इस दिन रात 11 बजे महाकाल की सवारी निकाली जाएगी और आतिशबाजी का दौर देखने को मिलेगा।

मनमहेश स्वरूप में महाकाल

कार्तिक-अगहन मास की पहली सवारी में बाबा महाकाल चांदी की पालकी में मन महेश स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे। दोपहर 3:30 बजे मंदिर के सभा मंडप में विधि विधान से मनमहेश स्वरूप का पूजन अर्चन किया जाएगा और शाम 4 बजे बाबा का नगर भ्रमण शुरू होगा।

महाकालेश्वर मंदिर से यह सवारी कोट मोहल्ला, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी से रामानुज कोट पहुंचेगी और इसके बाद रामघाट पर शिप्रा जल से बाबा का अभिषेक पूजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान की ओर से भी तीर्थ पूजन किया जाएगा। पूजन के पश्चात सवारी गणगौर दरवाजा से नगर में प्रवेश करेगी और कार्तिक चौक, ढाबा रोड, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।

कब-कब निकलेगी सवारी

20 नवंबर को बाबा की पहली सवारी है। इसके बाद 25 नवंबर को हरिहर मिलन की सवारी निकाली जाएगी। 27 नवंबर को तीसरी सवारी है। 4 दिसंबर को चौथी और 11 दिसंबर को पांचवी शाही सवारी निकाली जाएगी। सभी सवारियों में बाबा का राजसी ठाठबाट देखने को मिलेगा। कार्तिक अगहन मास की सवारी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है। इन दिनों वैसे भी देश-विदेश से श्रद्धालुओं के महाकाल दर्शन करने आने का सिलसिला लगातार जारी है और सवारी होने से यह भीड़ बढ़ सकती है।

25 को निकलेगी हरि-हर मिलन की सवारी
परंपरानुसार महाकालेश्वर भगवान की कार्तिक एवं अगहन (मार्गशीर्ष) माह में निकलने वाली सवारियां क्रमशः द्वितीय सवारी 27 नवंबर, तृतीय सवारी 4 दिसंबर तथा शाही सवारी 11 दिसंबर को निकाली जाएगी। इसके पहले हरिहर मिलन की सवारी रविवार 25 नवंबर को निकाली जाएगी। जो रात 11 बजे मंदिर से चलकर गोपाल मंदिर जाएगी, जहां हर से हरि का मिलन होगा। वे सृष्टि का भार गोपालजी को सौंपेंगे। बड़ी संख्या में शहरवासी आतिशबाजी करेंगे।

मराठा कालीन परंपरा है यह
महाकाल मंदिर में मराठा परंपरा का विशेष प्रभाव है। महाराष्ट्रीयन परंपरा में शुक्ल पक्ष से माह का शुभारंभ होता है। कार्तिक अगहन मास में भी महाकाल की सवारी कार्तिक शुक्ल पक्ष के पहले सोमवार से शुरू होती है। यही कारण है कि इस बार 20 नवंबर से सवारी की शुरुआत हो रही है।

कार्तिक अगहन मास में सवारी

    20 नवंबर पहली सवारी
    25 नवंबर रात 11 बजे हरिहर मिलन सवारी
    27 नवंबर दूसरी सवारी
    04 दिसंबर तीसरी सवारी
    11 दिसंबर कार्तिक-अगहन मास की शाही सवारी

 

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button